HomeUTTAR PRADESHयूपी को मिली एक और वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात

यूपी को मिली एक और वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात

लखनऊ: शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश को एक और वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat Express) ट्रेन की सौगात दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने तीन नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई, जिसमें एक मेरठ से लखनऊ (चारबाग) के बीच चलेगी। प्रधानमंत्री के द्वारा यूपी के लोगों को दी गई इस सौगात पर सीएम योगी ने खुशी जाहिर की है। इस कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रदेशवासियों को इस उपहार के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया।

अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर सीएम योगी ने लिखा, ‘मेक इन इंडिया’ एवं ‘आत्मनिर्भर भारत’ के स्वप्नद्रष्टा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के यशस्वी मार्गदर्शन में देश की आर्थिक, सामाजिक व सांस्कृतिक विकास-यात्रा सतत जारी है। इस यात्रा को और गति देते हुए प्रधानमंत्री जी ने आज देशवासियों को 3 नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों (Vande Bharat Express) की सौगात दी है। प्रधानमंत्री जी ने मेरठ-लखनऊ सहित मदुरै-बेंगलुरु, चेन्नई-नागरकोइल के मध्य अत्याधुनिक-विश्वस्तरीय वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया है। बेहतर कनेक्टिविटी के साथ ही पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा देते इस उपहार के लिए आपका हार्दिक आभार प्रधानमंत्री जी।

उल्लेखनीय है कि मेरठ और लखनऊ के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat Express) ट्रेन की शुरुआत से उत्तर प्रदेश की राजधानी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ हाईस्पीड कनेक्टिविटी से जुड़ गई है। इसके माध्यम से प्रदेशवासियों को सुखद, सुगम और आरामदायक यात्रा का लाभ मिलेगा। प्रदेश में इससे पहले 6 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। ये ट्रेनें दिल्ली-वाराणसी, रांची-वाराणसी, लखनऊ-देहरादून, पटना-लखनऊ, आनंद विहार-अयोध्या और गोरखपुर-प्रयागराज के बीच संचालित हो रही हैं। इसमें अब मेरठ-लखनऊ एक्सप्रेस ट्रेन भी जुड़ गई है।

पश्चिमी यूपी के लिए दिल्ली के बाद अब लखनऊ की दूरी भी हुई कमः पीएम मोदी

ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने से पूर्व पीएम मोदी ने कहा कि आज उत्तर से दक्षिण तक देश की विकास यात्रा में एक और अध्याय जुड़ रहा है। आज से मेरठ-लखनऊ के बीच वंदे भारत ट्रेन (Vande Bharat Express) की सेवा शुरू हो रही है। इस विस्तार के साथ हमारा देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर कदम दर कदम बढ़ रहा है। आज जो तीन वंदे भारत ट्रेनें शुरू हुई हैं इनमें तीन महत्वपूर्ण शहरों की कनेक्टिविटी मिली है। इसमें मेरठ-लखनऊ रूट पर भी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन संचालित की जा रही है। यह पश्चिम यूपी के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है।

 

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read