पुलिस ने बुधवार को बताया कि उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक व्यक्ति ने अपनी 30 वर्षीय पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पत्नी को लुधियाना (जहां पति काम करता है) ले जाने को लेकर विवाद हुआ था। घटना के बाद आरोपी अपने 5 साल के बेटे को लेकर फरार हो गया। सर्कल ऑफिसर (जलालाबाद) दीपक कुमार सिंह ने बताया कि यह घटना दोपहर के समय अल्लाहगंज थाना क्षेत्र के चौरसिया गांव में हुई।
पुलिस अधिकारी ने परिजनों के हवाले से बताया कि आरोपी अवनीश कुमार अपनी पत्नी सुशीला को लुधियाना ले जाना चाहता था, लेकिन वह जाने को तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। करीब 15 दिन पहले ही अवनीश, सुशीला को फर्रुखाबाद स्थित उसके मायके से वापस लाया था।
अधिकारी के अनुसार, बुधवार को हुई बहस के दौरान आरोपी ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सिंह ने बताया कि इसके बाद आरोपी अपने 5 साल के बेटे को लेकर भाग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सिंह ने बताया कि आरोपी को खोजने और गिरफ्तार करने के लिए 5 टीमें बनाई गई हैं, और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।


