HomeUTTAR PRADESHक्रांतिधरा पर विपक्ष पर गरजे प्रधानमंत्री, बोले- भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘मोदी’ झुकने...

क्रांतिधरा पर विपक्ष पर गरजे प्रधानमंत्री, बोले- भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘मोदी’ झुकने वाला नहीं

मेरठ: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Modi)  ने क्रांतिधरा मेरठ से चुनावी शंखनाद करते हुये रविवार को कहा कि कितना भी बड़ा भ्रष्‍टाचारी हो, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी और ‘मोदी’ झुकने वाला नहीं है।

श्री मोदी (PM Modi) यहां मोदीपुरम स्थित केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान के मैदान में आयोजित विशाल रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्‍होंने कहा कि व‍ह (मोदी) भ्रष्टाचार पर कार्रवाई कर रहे हैं, तो कुछ लोग अपना आपा खो बैठे हैं। उन्‍होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुये कहा, “ मोदी का मंत्र है, भ्रष्टाचार हटाओ! वे कहते हैं, भ्रष्टाचारी बचाओ! ”

प्रधानमंत्री ने कहा, “ वर्ष 2024 का चुनाव महज सरकार बनाने के लिये नहीं है, बल्कि दो खेमों की लड़ाई है। एक खेमा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का है, जो भ्रष्टाचार हटाने के लिये मैदान में है, जबकि दूसरा वह है, जो भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिये मैदान में है।

उन्‍होंने कहा कि इन भ्रष्टाचारियों ने, इन बेइमानों ने जिनका धन लूटा है, उनका धन मुझे वापस लौटाना है और इन्‍हीं लोगों ने मिलकर एक इंडी गठबंधन बना लिया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के किये कार्यों की कीमत देश को आज तक चुकानी पड़ रही है। ऐसे लोगों को देश कभी माफ नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने पर काम किया जा रहा है। नमो ड्रोन दीदी योजना भी गांव में बहनों का भाग्य बदलने जा रही है, इसमें महिला स्वयं सहायता समूह को आधुनिक ड्रोन दिये जा रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि यह ड्रोन हमारी खेती का भविष्य बदलने वाले हैं और उसे आसान करने वाले हैं। जब गांव की बेटियां ड्रोन पायलट बनेगी, उनका गौरव भी बढ़ेगा, उनकी कमाई भी बढ़ेगी और किसानी भी आसान हो जायेगी।

प्रधानमंत्री (PM Modi) ने महिलाओं की सुरक्षा की चर्चा करते हुये कहा कि लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को आरक्षण भी पहले असंभव लगता था, लेकिन नारी शक्ति अभिनंदन अधिनियम ने इसे संभव कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि चार करोड़ गरीबों को पक्के घर बना कर दिये गये, यह हमारी सरकार है, जिसने 11 करोड़ से ज्यादा शौचालय बनाकर महिलाओं की गरिमा की रक्षा की है। हमारी सरकार ने ही ढाई करोड़ से ज्यादा घरों में बिजली कनेक्शन देकर उनके जीवन से अंधेरा दूर किया है। बहनों के लिये बीते 10 वर्ष से देश में सुविधा, सुरक्षा और सम्मान दे रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले पांच वर्ष नारी शक्ति की समृद्धि के होने वाले हैं, देश में करोड़ों बहन और बेटियों को पहली बार उद्यमी बनाया है, पुलिस हो या फिर अर्धसैनिक बल हो, इसमें आज बेटियों की संख्या दो गुना से अधिक हो चुकी है। मुद्रा योजना ने करोड़ों बहनों को पहली बार अपना बिजनेस शुरू करने का संबल दिया है। पिछले 10 वर्षों में 10 करोड़ महिलायें स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं।

उन्होंने कहा कि हमारी सेना के जवानों ने यह आशा छोड़ दी थी, यह भी असंभव लगता था लेकिन हमने न सिर्फ ‘वन रैंक वन पेंशन’ लागू किया। उन्‍होंने कहा कि तीन तलाक कानून भी लोगों को असंभव सा लगता था, अब न सिर्फ यह कानून बन चुका है, बल्कि यह हजारों मुस्लिम बहनों की जिंदगी बचा रहा है। उन्‍होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 कभी हटेगा, यह भी असंभव लगता था, लेकिन उसके हटने के बाद जम्मू- कश्मीर का तेज विकास भी हो रहा है, इसीलिये आज वहां के लोग भाजपा को आशीर्वाद भी दे रहे हैं।

प्रधानमंत्री (PM Modi) ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बनेगा, यह लोगों को मुश्किल लगता था, लेकिन राम मंदिर बना और इस बार अवध में राम लला ने भी खूब होली खेली।

उन्‍होंने कहा, “मोदी गरीबी से टक्कर लेकर यहां पहुंचा है, इसलिये हर गरीब का दुख, हर गरीब की तकलीफ मोदी भली-भांति समझता है। इसीलिये हमने गरीब की चिंता दूर करने के लिये योजनायें बनायीं। गरीब को इलाज की चिंता न हो, इसलिए पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज वाली आयुष्मान योजना बनायी। हमारी सरकार ने गरीबों को मुफ्त राशन देकर गरीबों की मदद की है, जिसको किसी ने नहीं पूछा, उसको मोदी ने पूजा है। ”

मोदी (PM Modi) ने कहा कि उन्‍होंने लाल किले से कहा था, यही समय है सही समय है, भारत का समय आ गया है, भारत चल पड़ा है, आज भारत में तेजी से आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर बन रहा है, आज भारत इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण पर अभूतपूर्व निवेश कर रहा है। उन्‍होंने कहा कि आज हर सेक्टर में नौजवानों के लिये अनगिनत नये अवसर बन रहे हैं। आज देश की नारी शक्ति नये संकल्पों के साथ आगे आ रही है, आज भारत की साख दुनिया भर में नई ऊंचाई पर है।

उन्होंने (PM Modi)  उत्तर प्रदेश की लोकसभा सीटों पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रत्याशियों अरुण गोविल, डॉ संजीव बालियान, चंदन चौहान और राजकुमार संगवान का नाम लिया और कहा कि कैसा भी मौसम हो, गर्मी कितनी भी हो लेकिन आप वोट डालने के लिये जरूर जाना, अन्य लोगों को भी लेकर जाना।

उन्होंने(PM Modi) कहा, “ विकसित भारत के लिये, नौजवानों के लिये, किसानों की समृद्धि के लिये, भ्रष्टाचारियों को जेल भेजने के लिये, आप मेरा एक काम करें। यह काम बहुत छोटा सा है। आप घर-घर जाना और कहना कि मोदी मेरठ आये थे और आपको प्रणाम भेजा है। घर-घर मेरा प्रणाम पहुंचा देना। ”

 

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read