HomeUTTAR PRADESHमाफिया या तो जेल में हैं या जहन्नुम में : योगी आदित्यनाथ

माफिया या तो जेल में हैं या जहन्नुम में : योगी आदित्यनाथ

सहारनपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि माफिया रक्तबीज हैं, इन्हें किसी भी हाल में दोबारा पनपने नहीं देना है। इनके सामने कांग्रेस नतमस्तक थी और सपा दुम दबाकर चलती थी, मगर आज इनमें से कुछ जेल में हैं तो कुछ जहन्नुम चले गये हैं। इनकी गर्मी को पूरी तरह से शांत कर दिया गया है। सीएम योगी शुक्रवार को देवबंद में सहारनपुर लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी राघव लखन पाल शर्मा के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ये चुनाव स्पष्ट रूप से दो ध्रुवों में बंट चुका है। एक तरफ जातिवादी लोग हैं, दूसरी तरफ राष्ट्रवाद को समर्पित लोग हैं। एक तरफ सामाजिक ताने-बाने को छिन्न-भिन्न करने वाले हैं तो दूसरी तरफ प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत माता का स्वाभिमान ऊंचा रहे, तेरा वैभव अमर रहे के भाव वाले लोग हैं।

सहारनपुर वीरों की उर्वरा भूमि है
मुख्यमंत्री ने जनसभा में आई जनता को चैत्र नवरात्रि की चतुर्थ तिथि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माता बालासुंदरी, मां शाकम्भरी और मां यमुना की पावन गोद में बसा सहारनपुर जनपद वीरों की उर्वरा भूमि है। आज महाप्रतापी महाराणा सांगा की पावन जयंती है। उनकी जयंती पर उनके सुपौत्र महाराणा प्रताप की मूर्ति पर पुष्पांजलि प्रदान करने का सुअवसर प्राप्त हुआ है।सैकड़ों साल के बाद भी देश महाराणा प्रताप को गर्व के साथ याद करता है, क्योंकि उनका त्याग देश और धर्म के लिए था, सत्ता के लिए नहीं था। मगर कांग्रेस और सपा, बसपा के लोग 20 साल से यहां महाराणा प्रताप की प्रतिमा बनने नहीं दे रहे थे।

सच्चा राष्ट्रभक्त उसके साथ होगा जो राम को लाए हैं
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी जी के पहले कई सरकारें आईं, मगर क्या कोई अयोध्या में राममंदिर का निर्माण करा सकता था। कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में कहा था कि राम हुए ही नहीं। जैसे हनुमान जी जब संजीवनी बूटी लेने गये थे तो कालनेमी रामनाम का जप कर रहा था। इस चुनाव में भाी आपके पास कालनेमी आएंगे और रामनाम का जप करेंगे। मगर सच्चा राष्ट्रभक्त उसके साथ होगा जो राम को लाए हैं। आपने देश में 10 साल और प्रदेश में 7 साल से हमारी सरकार को देखा है। आज दंगाई दंगा करना भूल गये हैं।

न रहेगा बांस न बजेगी बांसुरी
सीएम ने कहा कि पहले जहां से चिल्लाकर उपद्रव करते थे वो माइक ही हमने उतार दिये हैं। न रहेगा बांस न बजेगी बांसुरी। हमारा देश और हमारा धर्म ही हमारा राष्ट्रधर्म है। यह सुरक्षित है तो हम सुरक्षित रहेंगे। ये लोग जो जाति के नाम पर लड़ाने भिड़ाने का काम करते हैं और कालनेमी बनकर गुमराह कर रहे हैं उन्हें बजरंगी बनकर पहचानिए। जातिवाद, सम्प्रदायवाद, क्षेत्रवाद का क्लेश हर डालिए और जनार्दन स्वरूप धारण कीजिए। आपका यही मंत्र होना चाहिए कि जो राम को लाए हैं, जो कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समाप्त किये हैं, जो तीन तलाक को खत्म किये हैं, हम उनको लाएंगे।

देवबंद को मजहबी जुनून का अड्डा बना दिया था
सीएम योगी ने कहा कि जिस सहारनपुर को पश्चिम का काशी बनना था यहां देवबंद को मजहबी जुनून का अड्डा बना दिया। छोटी छोटी सी बात को लेकर फतवा जारी होता था। वैक्सीन कैसे दी जाए इसे लेकर फतवा जारी होता था। यहां से अव्यवस्था और अराजकता फैलाने का प्रयास किया जाता था। विकास की कोई चर्चा नहीं करता था। आज यहां की हस्तशिल्प और कारीगरी दुनिया में धूम मचा रही है। यहां पहले भी कारीगर थे, मगर प्रोत्साहन नहीं था। पहले अन्नदाता किसान आत्महत्या करने के लिए मजबूर था। उपज का दाम नहीं मिलता था, चीनी मिलों को औने पौने दाम पर बेचकर माफिया के हवाले कर दिया जाता था।

कोई माफिया जेल में है तो कोई जहन्नुम में
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश की व्यवस्था को माफिया संचालित नहीं कर सकता। माफिया वहीं जाएगा जहां उसकी जगह है। कोई बेटी और व्यापारी के लिए खतरा बनेगा तो उसे मिट्टी भी नहीं मिलेगी। आज कोई माफिया जेल में है तो कोई जहन्नुम में है। बाकी जो बचे हैं स्वयं ही रामनाम सत्य की यात्रा पर निकल गये हैं। यहां बड़े बड़े धुरंधर हुआ करते थे। जब वे चलते थे तो मुख्यमंत्री और मंत्री के काफिले रुक जाते थे। हमने उनकी गर्मी को शांत कर दिया है। जिनकी गर्मी शांत हो चुकी है, उनको ये जातिवादी संगठन फिर से पैदा करना चाहते हैं। इन्हें पैदा नहीं होने देना है, ये रक्तबीज हैं, सामान्य नागरिक का जीना हराम करते हैं। ऐसे जातिवादियों को दो टूक जवाब दीजिए।

प्रयागराज का एक बहुत बड़ा माफिया था…
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो माफिया समाज को लूटते थे उनकी संपत्ति को जब्त करके गरीबों का घर बनवाया जा रहा है। प्रयागराज का एक बहुत बड़ा माफिया था, उसके कब्जे से जमीनों को मुक्त कराते हुए वहां गरीबों के लिए हाईराइज बिल्डिंग का निर्माण कराया गया। सीएम योगी ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में मैं सात साल में जितनी बार सहारनपुर आया हूं, उतना कोई सीएम 60 साल में भी नहीं आया होगा। उन्होंने कहा कि देश में 2014 से पहले लोग भूख से मरते थे, आज 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन मिल रहा है। पहले कांग्रेस के लोग कमीशनखोरी करते थे। आज जनधन अकाउंट के जरिए बिचौलियों को समाप्त कर दिया गया है। सरकार किसी की जाति, मत मजहब देखकर नहीं, बल्कि सबका साथ सबका विकास के भाव से काम कर रही है।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in
Santosh Singh is an author and news content contributor at Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact Samachar Live team at samacharlive.in@gmail.com
- Advertisment -spot_img

Must Read