HomeUTTAR PRADESHDelhi News: तीन बड़ी परियोजनाओं की शुरुआत, दिल्ली में विकास का नया...

Delhi News: तीन बड़ी परियोजनाओं की शुरुआत, दिल्ली में विकास का नया अध्याय शुरू: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता


Delhi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चल रहे ‘सेवा पखवाड़े’ के अंतर्गत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज तीन बड़ी योजनाओं की शुरुआत की और संदेश दिया कि उनकी सरकार आधुनिक तकनीक, स्वच्छ ऊर्जा और सुदृढ़ बुनियादी ढांचे के माध्यम से दिल्ली को आत्मनिर्भर और पर्यावरण-संतुलित राजधानी बनाने के लक्ष्य पर लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने आज मुबारकपुर डबास में 66/11 केवी जीआईएस ग्रिड सब-स्टेशन का शिलान्यास। नरेला में अग्निशमन केंद्र और रिठाला में 25 किलोवाट सोलर रूफटॉप प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री का स्पष्ट कहना है कि उनकी सरकार दिल्ली के सर्वांगीण विकास के लिए दूरदृष्टि और ठोस संकल्प के साथ कार्य कर रही हैं।


27 साल बाद हो रहे हैं ऐतिहासिक कार्य


इन आयोजनों में क्षेत्र के सांसद श्री योगेंद्र चंदोलिया, दिल्ली के ऊर्जा मंत्री श्री आशीष सूद , विधायक राजकरण खत्री, कुलवंत राणा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में अब विकास का एक नया दौर शुरू हो चुका है। दिल्ली सरकार ऊर्जा उत्पादन और स्वच्छता में बड़े परिवर्तन ला रही है। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार ने 1000 सरकारी इमारतों पर सोलर पैनल लगाने का कार्य शुरू किया है, जिसे समय पर पूरा कर लिया जाएगा। इस योजना से 55 मेगावॉट स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 27 साल बाद वर्तमान की दिल्ली सरकार ने सात महीनों में ही ऐतिहासिक काम करके दिखाए हैं। चाहे स्वच्छता हो, ऊर्जा हो या सार्वजनिक सुविधाएं, हर क्षेत्र में कार्य किए जा रहे है। उन्होंने आगे बताया कि दिल्ली सरकार ने कूड़े के पहाड़ खत्म करने के लिए नए वेस्ट-टू-एनर्जी और ई-वेस्ट प्लांट शुरू किए हैं और हाल ही में दिल्ली का पहला बायोगैस प्लांट भी स्थापित किया गया है।


पारदर्शिता, जनसहभागिता और दक्षता जरूरी


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में दिल्ली प्रदूषण मुक्त, स्वच्छ, हरित और विकसित दिल्ली की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार हर चुनौती के समय जनता के बीच खड़ी रहती है और 24×7 सेवा के लिए समर्पित है। हमारी सरकार का संकल्प है कि दिल्ली को प्रदूषण मुक्त, स्वच्छ, हरित और आत्मनिर्भर बनाया जाए। ये सभी योजनाएं दिल्लीवासियों को उनका अधिकार दिलाने और उन्हें बेहतर भविष्य देने के लिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से हम दिल्ली को एक स्वर्णिम अध्याय की ओर ले जाने के लिए लगातार कार्यरत है। दिल्ली सरकार हर क्षेत्र में पारदर्शिता, जनसहभागिता और दक्षता के साथ काम कर रही है, ताकि दिल्ली को ‘विकसित दिल्ली’ की दिशा में अग्रसर किया जा सके। मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने केवल विज्ञापन और झूठे वादों पर जोर दिया, जबकि वास्तविक विकास के मोर्चे पर दिल्ली को पिछड़ा कर दिया। पूर्ववर्ती सरकार ने दिल्ली को 11 साल तक पीछे धकेला और जनता को मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित रखा।


तेजी से हो रहे हैं विकास कार्य


इस अवसर पर दिल्ली के ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिल्ली के हर कोने में पहुंच रही हैं और विकास कार्यों को गति प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में नरेला क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बिजली उत्पादन और ईवी चार्जिंग से जुड़े प्रोजेक्ट लॉन्च किए गए थे और आज फिर एक ही मंच से तीन नई परियोजनाएं जनता को समर्पित की जा रही हैं।


सूद ने कहा कि केवल दो दिनों में 11 बड़े प्रोजेक्ट लॉन्च होना इस बात का प्रमाण है कि दिल्ली में विकास कार्य कितनी तेजी से हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में दिल्ली को “मॉडर्न, विकसित और दिल वालों की दिल्ली” बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से रिठाला स्थित 25 किलोवाट सौर ऊर्जा संयंत्र का उल्लेख किया। यह न केवल हर साल 2-3 लाख रुपये की बचत करेगा बल्कि प्रदूषण में भी उल्लेखनीय कमी लाएगा।


ये हैं तीन योजनाएं:-


भविष्य की योजना: सौर ऊर्जा संयंत्र


दिल्ली जल बोर्ड बिल्डिंग में 25 किलोवाट क्षमता वाले सौर ऊर्जा संयंत्र से प्रति वर्ष 28,000 यूनिट से अधिक बिजली का उत्पादन होगा। यह परियोजना दिल्ली सरकार की इमारतों पर सौर संयंत्र लगाने की महत्वाकांक्षी योजना का हिस्सा है, जिसकी कुल क्षमता लगभग 5.5 मेगावाट होगी। ये प्लांट सालाना 60 लाख से अधिक यूनिट बिजली उत्पन्न करेंगे। इसके अलावा ये प्लांट सालाना 4220 टन CO2 उत्सर्जन को भी कम करेंगे, जो पर्यावरण प्रदूषण को नियंत्रित करने में सहायक होंगे। दिल्ली सरकार ने 500 वर्ग मीटर से अधिक छत क्षेत्र वाले सभी सरकारी भवनों का सोलरीकरण अनिवार्य किया है। इंद्रप्रस्थ पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड (आईपीजीसीएल), जो दिल्ली सरकार की बिजली उत्पादन इकाई है, को इस योजना का नोडल कार्यान्वयन एजेंसी नामित किया गया है।


66 केवी ग्रिड सब-स्टेशन प्रोजेक्ट


दिल्ली सरकार की ओर से टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (टीपीडीडीएल) द्वारा मुबारकपुर दबास में 66 केवी ग्रिड सब-स्टेशन स्थापित किया जा रहा है, जो मुबारकपुर डबास, कराला और आसपास के क्षेत्रों को विश्वसनीय और निरंतर बिजली आपूर्ति प्रदान करेगा। यह 50 एमवीए क्षमता वाला ग्रिड सब-स्टेशन 16 फीडर क्षेत्रों को बिजली सप्लाई करेगा और आपूर्ति प्रणाली को मजबूत बनाएगा। इससे मुबारकपुर डबास, कराला और आसपास के 16 फीडर क्षेत्रों में निरंतर और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी।


नरेला में नया अग्निशमन केंद्र


यह अग्निशमन स्टेशन लगभग 1000 वर्ग मीटर क्षेत्र में स्थापित है। यहां दिल्ली जल बोर्ड के ओवरहेड टैंक और बोरवेल से पानी भरने की सुविधा है। आधुनिक स्टेशन में अग्निशमन वाहनों के लिए शेड, रखरखाव कक्ष, अग्नि नियंत्रण उपकरणों और सामग्रियों के लिए स्टोर रूम शामिल हैं। यह स्टेशन घोगा, लामपुर बॉर्डर, बैंकनेर, सिंहोला, सिंघु बॉर्डर, बख्तावरपुर, इब्राहिमपुर, नंगली पूना और नरेला गांव जैसे कई क्षेत्रों को कवर करेगा।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read