HomeUTTAR PRADESHकांग्रेस और सपा ने आधे समर में ही मान ली हार :...

कांग्रेस और सपा ने आधे समर में ही मान ली हार : योगी आदित्यनाथ

शाहजहांपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि देश में हो रहे लोकसभा चुनावों में आधी सीटों पर मतदान संपन्न हो चुका है और कांग्रेस और सपा ने आधे समर में ही अपनी हार मान ली है। उन्होंने कहा कि ‘अबकी बार चार सौ पार..’ के लक्ष्य के लिए हमने आधी मंजिल पूरी कर ली है। मुख्यमंत्री बुधवार को ददरौल में शाहजहांपुर सीट पर हो रहे लोकसभा चुनाव और ददरौल विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने शाहजहांपुर लोकसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी अरुण कुमार सागर और ददरौल विधानसभा से प्रत्याशी अरविंद कुमार सिंह के पक्ष में जनता से वोट की अपील की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर हनुमत धाम के बजरंगबली और भगवान परशुराम के धाम को कोटि कोटि नमन करते हुए काकोरी ट्रेन एक्शन के महानायकों पं रामप्रसाद बिस्मिल्ल, अशफाक उल्ला खां और ठाकुर रोशन सिंह को भी श्रद्धासुमन अर्पित किये।

चुनाव रामभक्तों और रामद्रोहियों के बीच सिमट गया है
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि 2024 का चुनाव नया इतिहास बनाने के लिए उतावला दिख रहा है। कांग्रेस और सपा के चेहरे से उड़ी हवा, बताती है कि आधे समर में ही उन्होंने हार स्वीकार कर ली है। उनकी हार शाश्वत सत्य है। हमारा इतिहास गवाह है कितना ही बड़ा और शक्तिशाली कोई क्यों न रहा हो, अगर वह रामद्रोही है तो उसका पतन सुनिश्चित हुआ है। ये चुनाव रामभक्तों और रामद्रोहियों के बीच सिमट गया है।

उनसे विरासत के सम्मान की बात बेमानी
सीएम योगी ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्होंने अपने पूर्वजों को धक्का देकर बाहर करते हों उनसे विरासत के सम्मान की बात बेमानी है। उन्होंने कहा कि आतंकियों को बिरयानी खिलाने वाले, माफिया को गले का हार बनाने वाले, बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले, माफिया के मरने पर फातिहा पढ़ने जाने वाले लोग और रामभक्तों पर गोली चलाने वाले लोग कहते हैं कि अयोध्या में राममंदिर बेकार में बना है।

हर बेटी सुरक्षित हुई, हर अन्नदाता खुशहाल हुआ
मुख्यमंत्री ने बीते दस साल में हुए विकास एवं गरीब कल्याण से जुड़े कार्यों की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि आज भारत का सम्मान बढ़ा है, सीमाएं सुरक्षित हुई हैं, आतंकवाद और नक्सलवाद पूरी तरह नियंत्रित हुआ है, विकास के तमाम कार्य हुए हैं। शाहजहांपुर मे मेडिकल कॉलेज का निर्माण हुआ है। सीएम योगी ने कहा कि यहां गंगा पर पीपे का पुल बनाने की मांग की गई थी जो ठाकुर रोशन सिंह के गांव को जोड़ती थी, मगर हमने वहां पक्का पुल दे दिया। ये सरकार बुलाकर विकास का लाभ दे रही है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को सुरक्षा का बेहतर माहौल दिया गया है।

इस अवसर पर प्रदेश सरकार में मंत्री सुरेश खन्ना, जितिन प्रसाद, जेपीएस राठौर, पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णा राज, सांसद मिथिलेश कुमार, सांसद प्रत्याशी अरुण कुमार सागर, ददरौल विधानसभा उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी अरविंद कुमार सिंह, जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, महापौर अर्चना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, विधान परिषद सदस्य सुधीर गुप्ता, विधायकगण चेतराम पासी, वीर विक्रम सिंह, हरि प्रकाश वर्मा, सलोना कुशवाहा, राजेश वर्मा, राकेश कुमार मिश्रा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read