Sanjay Nishad Big Statement: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद का बड़ा बयान सामने आया है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि सपा ने अपना दरवाजा बंद किया तो मैं बीजेपी के साथ आ गया, अब अगर बीजेपी बंद कर लेगी तो मैं देखूंगा कि आगे क्या करना है। इससे पहले निषाद ने यूपी बीजेपी को साफ-साफ शब्दों में कहा था कि अगर उन्हें लगेगा कि निषाद पार्टी से फायदा नहीं है तो गठबंधन तोड़ सकते हैं।
बीजेपी को इन नेताओं को संभालना होगा- संजय
बकौल संजय निषाद ने अपने बयान में कहा कि बीजेपी से समस्या नहीं है। अमित शाह हों या सीएम योगी आदित्यनाथ, यह दोनों हमारे एजेंडे को लेकर संजीदा हैं। लेकिन बीजेपी के कुछ नेता और खासकर सपा-बसपा से बीजेपी में आए हुए जो निषाद नेता हैं, वह हमारे बारे में निषादराज के बारे में बेतुकी बातें कर रहे हैं और इनकी वजह से नुकसान हो रहा है। संजय निषाद ने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि हम बीजेपी के साथ आज भी हैं और कल भी चट्टान की तरह रहेंगे, लेकिन बीजेपी को अपने इन छुटभैये नेताओं को संभालना होगा।
निषाद बिरादरी को जगह दिलाने की कोशिश
उन्होंने आगे कहा कि 1947 में जब अनुसूचित बिरादरी की लिस्ट बनी तो हमारे समाज का उसमें स्थान था, लेकिन राज्य सरकारों ने हमें उस लिस्ट से बाहर निकाल दिया। अब वापस अनुसूचित सूची में निषाद बिरादरी को लाने में कोशिश में लगा हूं और मुझे उम्मीद है कि ये जल्द होगा।
एनडीए को मजबूत कर रहे- संजय निषाद
संजय निषाद ने कहा कि दिल्ली के तालकटोरा में स्थापना दिवस पर सारे सहयोगी दल जुटे, ये कोई बीजेपी विरोध की जुटान नहीं थी। हमने तो अमित शाह और जेपी नड्डा जी को भी आमंत्रित किया था, लेकिन वह किसी वजह से नहीं आए। इसे किसी प्रेशर ग्रुप की तरह नहीं देखा जाना चाहिए। हम सब मिलकर एनडीए को मजबूत कर रहे हैं।









