Tuesday, May 19, 2026
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
HomeUTTARAKHANDचारधाम यात्रा पीक को लेकर एक्शन में उत्तरकाशी पुलिस, एसपी ने किया...

चारधाम यात्रा पीक को लेकर एक्शन में उत्तरकाशी पुलिस, एसपी ने किया यमुनोत्री मार्ग का निरीक्षण

fok-media-samman-samaroh

उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए उत्तरकाशी पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। यात्रा सीजन में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय द्वारा रविवार को यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

उत्तरकाशी पुलिस के अनुसार अब तक श्री यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम में लगभग 3.3 लाख श्रद्धालु सुरक्षित दर्शन कर चुके हैं। यात्रा पीक को ध्यान में रखते हुए एसपी द्वारा यात्रा मार्ग के अंतिम पड़ाव जानकीचट्टी पहुंचकर पुलिस एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा यात्रा संचालन पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुचारु रखा जाए।

निरीक्षण के दौरान यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, स्वच्छता एवं पेयजल आपूर्ति सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की अद्यतन जानकारी ली गई। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी सेवाएं सुचारु बनाए रखने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

एसपी ने यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर श्रद्धालुओं से संवाद स्थापित कर यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक एवं सुझाव भी प्राप्त किए। उन्होंने तीर्थयात्रियों से यात्रा अनुभव, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, सुरक्षा एवं दर्शन व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उत्तरकाशी पुलिस द्वारा चारधाम यात्रा-2026 से संबंधित दिग्दर्शिकाएं वितरित कर श्रद्धालुओं को जागरूक भी किया गया।

यात्रा पीक को देखते हुए सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अतिरिक्त सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा तीर्थयात्रियों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ब्रह्मखाल और शिवगुफा सहित संवेदनशील स्थलों पर दर्शन व्यवस्था को कतारबद्ध एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने, वाहनों की सही पार्किंग सुनिश्चित करने तथा ट्रैफिक संचालन को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

सिलक्यारा राड़ी टॉप, ओरछा बैंड तथा पालीगाड़ से जानकीचट्टी के मध्य संकरे मार्गों पर यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने एवं प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

दोबाटा यात्री पंजीकरण केंद्र के निरीक्षण के दौरान एसपी ने केंद्र पर आने-जाने वाले प्रत्येक श्रद्धालु का रिकॉर्ड रजिस्टर में व्यवस्थित रूप से दर्ज करने तथा संदिग्ध गतिविधियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पंजीकरण एवं मेडिकल प्रक्रिया को कम से कम समय में पूर्ण करने, अनावश्यक भीड़ एवं प्रतीक्षा से बचाने तथा सभी श्रद्धालुओं के साथ सौम्य एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

जानकीचट्टी में सुरक्षा एवं यात्रा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा के उपरांत पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी बनाए रखने, पार्किंग व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित करने तथा अपराध नियंत्रण एवं भीड़ प्रबंधन को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए घोड़ा-खच्चर तथा डंडी-कंडी संचालन को रोटेशन प्रणाली के तहत संचालित करने के निर्देश दिए गए, ताकि अनावश्यक भीड़ एवं अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। यमुनोत्री पैदल मार्ग पर बढ़ती श्रद्धालु संख्या को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने और भीड़ नियंत्रण के प्रभावी इंतजाम करने पर भी बल दिया गया।

इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक तपेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक बड़कोट सुभाष चंद्र, निरीक्षक राजेन्द्र सिंह, निरीक्षक देवेन्द्र सिंह, निरीक्षक यातायात ललित मोहन देवडी, थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत, यातायात उपनिरीक्षक विरेंद्र पंवार, चौकी प्रभारी जानकीचट्टी राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

*अन्य बड़ी खबरों के लिए समाचार लाइव के होम पेज पर जाएं
----------------------------------------------------------------
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -free website builder
- Advertisment -free website builder

Latest Post

Most Popular