spot_img
spot_img
HomeUTTARAKHANDकैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने उत्तरकाशी से किया सेवा पखवाड़े का शुभारंभ

कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने उत्तरकाशी से किया सेवा पखवाड़े का शुभारंभ

fok-media-samman-samaroh

उत्तरकाशी।
सेवा, सुशासन और समर्पण के संकल्प के साथ राज्य सरकार के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा पखवाड़े का शुभारंभ शनिवार को उत्तरकाशी में हुआ। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के कैबिनेट एवं जनपद प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने रिबन काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि प्रधानमंत्री के उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। प्रदेश सरकार ने समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और दंगा विरोधी कानून लागू कर सुशासन की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को पहली बार राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी का अवसर मिला और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में चार प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने का निर्णय लिया गया है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी दो लाख से अधिक महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाकर आर्थिक रूप से सशक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में 23 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर अस्पताल का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि 113 करोड़ रुपये की लागत से आस्था पथ का निर्माण शीघ्र शुरू होगा। इसके अलावा एक अरब रुपये से अधिक लागत की सड़क परियोजनाओं पर कार्य शुरू हो चुका है तथा 15 नई सड़कों की डीपीआर भी तैयार कर ली गई है।

कार्यक्रम में सूचना विभाग द्वारा सेवा, सुशासन और समर्पण विषयक विकास पुस्तिका एवं प्रचार सामग्री का वितरण किया गया। सांस्कृतिक दलों ने सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां भी दीं।

इस अवसर पर कृषि, उद्यान, मत्स्य पालन एवं सहकारिता क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को लाखों रुपये के प्रोत्साहन चेक वितरित किए गए। कीवी एवं एप्पल मिशन के दो प्रगतिशील किसानों को छह लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि प्रदान की गई। मत्स्य पालन एवं कृषि से जुड़े लाभार्थियों को 13 लाख रुपये से अधिक के चेक वितरित किए गए। रीप परियोजना के तहत निर्धन महिलाओं को स्वरोजगार और पशुपालन के लिए आर्थिक सहायता दी गई। वहीं समाज कल्याण विभाग की ओर से 19 दिव्यांगजनों को छड़ी, श्रवण यंत्र सहित विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का संचालन पर्यावरण विशेषज्ञ स्वजल प्रताप मटूड़ा ने किया।

इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, नगर पालिका अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार, ममता पंवार, रणबीर सिंह महंत, दुग्ध संघ अध्यक्ष गिरीश भट्ट, भाजपा जिला महामंत्री महावीर नेगी, जिला पंचायत सदस्य परशुराम जगूड़ी, दीपेंद्र कोहली, ज्योति राणा, प्रियंका रावत, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, उप जिलाधिकारी देवानंद शर्मा, शालिनी नेगी सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

*अन्य बड़ी खबरों के लिए समाचार लाइव के होम पेज पर जाएं
----------------------------------------------------------------
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -free website builder
- Advertisment -free website builder

Latest Post

Most Popular