HomeUTTAR PRADESHकन्नौज के इत्र में बदबू फैलाती थी सपा: CM योगी

कन्नौज के इत्र में बदबू फैलाती थी सपा: CM योगी

कन्नौज : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi)  ने शनिवार को कन्नौज में अखिलेश यादव को खूब खरी सुनाई। बोले कि वे कन्नौज से चुनाव इसलिए लड़ रहे हैं कि इंडी गठबंधन को यहां प्रत्याशी नहीं मिल रहा था। पहला को टिकट दिया, फिर उसका टिकट काट दिया। दूसरे को दिया तो वह मैदान छोड़कर भाग गया। तीसरे की घोषणा की तो वह मना कर दिया। जब कोई नहीं मिला तो सपा अध्यक्ष कह रहे हैं कि सेवा करना चाहता हूं। जब मौका था, तब कन्नौज की इत्र में बदबू फैलाने का काम कर रहे थे। हर दूसरे दिन यूपी में दंगा कराते थे। इनके शासन में बेटियों-व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ होता था। गरीबों के हकों पर डकैती पड़ती थी। मुख्यमंत्री आवास बुलाकर दंगाइयों का महिमामंडन करते थे, लेकिन अब नए भारत का नया उप्र दंगाइयों व कर्फ्यू लगाने वालों से कैसे निपटता है, यह आप भी देख रहे होंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने शनिवार को करिया झाला का मैदान झींझक, रसूलाबाद में आयोजित जनसभा में अपनी बातें रखीं। उन्होंने कन्नौज के सांसद व 2024 लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी सुब्रत पाठक को फिर से दिल्ली भेजने की अपील की। सीएम ने आमजन से आह्वान किया कि घर-घर जाकर कहिए कि हमें रामभक्त चाहिए, रामद्रोही नहीं।

सपा रामभक्तों पर गोली चलाती थी और भाजपा राम मंदिर बनवाती है

सीएम योगी (CM Yogi) ने कहा कि नए भारत में सुरक्षा, गरीब कल्याण, विकास, विरासत और आस्था का सम्मान है। सपा रामभक्तों पर गोली चलाती थी, आतंकियों के मुकदमे वापस लेती थी और भाजपा राम मंदिर बनवाती है। आपने वोट देकर भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली व लखनऊ सरकार को चुना है, इसलिए आपके योगदान की बदौलत अयोध्या में 500 वर्ष के बाद भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ है। प्रभु ने इस अंतराल के बाद अपनी जन्मभूमि पर होली खेली, जन्मोत्सव मनाया और उनका सूर्य तिलक भी हुआ। नई अयोध्या के दर्शन कर यह लोक धन्य हुआ। पूर्वजों की आस और संकल्प को हमने अपनी आंखों के सामने पूरा होते भी देख लिया।

सपा-कांग्रेस परिवार तो भाजपा राष्ट्रहित के लिए मैदान में

सीएम (CM Yogi) ने कहा कि नया भारत केवल बोलता ही नहीं, करके दिखाता भी है। भाजपा ने कहा था कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। सौगंध राम की खाते हैं, मंदिर वहीं बनाएंगे। तब सपा के लोग रामभक्तों पर गोलियां चलाते थे और बोलते थे कि परिंदा भी पर नहीं मार सकता। इनके समय में अयोध्या में आतंकी हमला हुआ था। सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने देश और सपा ने यूपी की जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया। दोनों एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं, फिर मिलकर जोर आजमाइश करना चाहते हैं। अब मोदी जी के आत्मनिर्भर व विकसित भारत के निर्माण के संकल्प से जुड़ने का अवसर आ गया है। कांग्रेस अपने और सपा सैफई परिवार को धन-संपदा से परिपूर्ण करने के लिए मैदान में है तो भाजपा राष्ट्रहित के लिए चुनाव लड़ रही है। भाजपा का संकल्प देश के लिए है। हम लोग वर्तमान व भावी पीढ़ी का भविष्य उज्ज्वल बनाना चाहते हैं। यह केवल चुनाव नहीं, बल्कि भारत की तकदीर व तस्वीर बदलने के लिए मोदी जी के नेतृत्व में हुए अहर्निश प्रयास को नई गति देकर बढ़ाने का प्रयास है।

माफिया की मौत पर मातम मनाने गए थे अखिलेश

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने कहा कि शिष्टाचार होता है। मुलायम सिंह यादव के निधन पर मैं व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष गए थे। प्रधानमंत्री ने संवेदना भी व्यक्त की थी। वहीं अखिलेश यादव ने रामभक्त, पूर्व मुख्यमंत्री-राज्यपाल कल्याण सिंह की मृत्यु पर संवेदना तक नहीं व्यक्त की, लेकिन माफिया की मौत पर मातम मनाने गए थे। इनकी संवेदना राम मंदिर, भारत, रामभक्तों, आमजन के प्रति नहीं, बल्कि माफिया, भारत के खिलाफ वक्तव्य देने वालों के प्रति है।

भारत और आमजन के खिलाफ षडयंत्र रच रहे हैं रामद्रोही

सीएम योगी (CM Yogi) ने कहा कि एक तरफ रामभक्त तो दूसरी तरफ रामद्रोही हैं। रामद्रोही भारत और आमजन के खिलाफ षडयंत्र रह रहे हैं। रामभक्त मोदी जी की सरकार के साथ नया इतिहास बनाना चाहते हैं। रामभक्त भारत को दुनिया की सबसे बड़ी ताकत, विकसित, आत्मनिर्भर और खुशहाल भारत बनाना चाहते हैं। दिल्ली में मोदी जी के नेतृत्व में नया भारत आत्मनिर्भर व विकसित बनेगा। उत्तर प्रदेश में भी विकास की असीम संभावनाएं हैं। उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश भारत की इकॉनमी के ग्रोथ इंजन के रूप में अपनी भूमिका का निर्वहन करेगा।

जनसभा में सांसद व भाजपा प्रत्याशी सुब्रत पाठक, प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश सचान, असीम अरुण, संदीप सिंह, विधायक पूनम शंखवार, भाजपा कानपुर देहात के जिला प्रभारी अशोक राजपूत, कानपुर देहात के जिलाध्यक्ष मनोज शुक्ला, नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राजू, नगर पालिका अध्यक्ष झींझक अमित तिवारी, पूर्व विधायक निर्मला शंखवार आदि की मौजूदगी रही

 

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in
Santosh Singh is an author and news content contributor at Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact Samachar Live team at samacharlive.in@gmail.com
- Advertisment -spot_img

Must Read