HomeUTTAR PRADESHइस चुनावी महाभारत में दुर्योधन और दुशासनों के खिलाफ कृष्ण की भूमिका...

इस चुनावी महाभारत में दुर्योधन और दुशासनों के खिलाफ कृष्ण की भूमिका में हैं पीएम मोदीः सीएम योगी

जालौन: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने बुधवार को जालौन लोकसभा क्षेत्र के उरई में केंद्रीय मंत्री और भाजपा, अपना दल, राष्ट्रीय लोकदल, निषाद पार्टी, सोहेल देव राजभर पार्टी के संयुक्त प्रत्याशी भानु प्रसाद वर्मा के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में सीएम योगी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आज सुबह सुबह ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का बयान सुन रहा था। उन्होंने कहा कि चुनाव में दो ध्रुवीकरण हो चुके हैं। खड़गे जी से कहना चाहता हूं कि देश का चुनाव ध्रुवीकरण के बीच नहीं, ये चुनाव तो रामभक्तों और राम द्रोहियों के बीच में हो रहा है। एक तरफ सभी रामद्रोही खड़े हैं, रामभक्तों पर गोली चलाने वाले खड़े हैं, देश के साथ गद्दारी करने वाले और पाकिस्तान का राग अलापने वाले खड़े हैं, उन दुर्योधन और दुशासनों के खिलाफ इस महाभारत में आज मोदी जी भारतीय जनता पार्टी का सारथी बनकर कृष्ण की भूमिका में खड़े हैं।

सीएम योगी (CM Yogi) ने कहा, रामद्रोही हमेशा पराजित हुआ है, पतन को प्राप्त हुआ है। ये जो रामद्रोही हैं, ये केवल अपने परिवार के बारे में सोचते हैं। इनको न जाति की चिंता है, न प्रदेश की चिंता है और न देश की चिंता है, इन्हें न आपकी आस्था की चिंता है, न गरीब की चिंता है, न किसान की चिंता है, न महिलाओं की चिंता है न बेटियों की चिंता है। इनको सिर्फ परिवार की चिंता है। वहीं मोदी जी के लिए 140 करोड़ का भारत ही उनका परिवार है।

अब पलायन नहीं करेगा बुंदेलखंड का नौजवान

अपने संबोधन में सीएम योगी (CM Yogi)  ने कहा कि हमारा जालौन डिस्ट्रिक्ट कालपी के कागज और जालौन के मटर के लिए विख्यात है। वन डिस्ट्रिक्ट और वन प्रोडक्ट के आधार पर यह दोनों चीजें आज वैश्विक मान्यता को प्राप्त कर रही हैं। जालौन बुंदेलखंड का प्रवेश द्वार है। आज से दस साल पहले इसकी स्थिति क्या थी। सपा, बसपा और कांग्रेस ने बुंदेलखंड को माफिया के हवाले कर दिया था। इन्होंने इस पूरे क्षेत्र के संसाधनों को लूटा खसोटा था। इस पूरे क्षेत्र को अराजकता की ओर धकेलने का काम किया था। यहां के विकास को बाधित किया था। जिसका दुष्परिणाम था कि नौजवान पलायन कर रहा था। किसान आत्महत्या कर रहा था। बेटी और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे। आज दस वर्ष में हमारा बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के साथ फोर लेन की कनेक्टिविटी से जुड़ चुका है।

हर घर जल की योजना जमीनी धरातल पर दिखाई दे रही है। डिफेंस कॉरिडोर में बनने वाली तोप जब भारत की सीमा पर गरजती है तो पाकिस्तानियों की पैंट गीली हो जाती है। हमारा हस्तशिल्पी जब आज काम करता है तो दुनिया में सम्मान प्राप्त करता है। अब तो बुंदेलखंड में औद्योगिक नगर बसाने जा रहे हैं। अब मेरे बुंदेलखंड के नौजवानों को यहां से बाहर पलायन करना नहीं पड़ेगा, बल्कि दुनिया आपके पास नौकरी मांगने आएगी। ये जो चमत्कार बुंदेलखंड में दिखाई दे रहा है यह मोदी का करिश्मा है। बुंदेलखंड में हाईवे बन रहे हैं, रेलवे की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है, डिफेंस कॉरिडोर बन रहा है। आज बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे बुंदेलखंड के विकास की धुरी बन चुकी है। बुंदेलखंड के एक-एक उत्पाद को पहचान मिल रही है।

पाकिस्तान का राग अलापने वाले कटोरा लेकर वहीं जाएं

ये कांग्रेस के लोग धमकी देते हैं कि पाकिस्तान के पास एटम बम है तो हमारा एटम बम क्या फ्रिज में रखने के लिए है। भारत 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन दे रहा है तो पाकिस्तान में एक किलो गेहूं के लिए छीनाझपटी हो रही है। पाकिस्तान का राग अलापने वालों को सुझाव है कि भारत पर बोझ मत बनो, कटोरा लेकर पाकिस्तान ही चले जाओ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस तो इस लोक को नर्क में बदल रही थी तो मोदी जी ने इस पीढ़ी को खुशहाल जीवन दिया है। इस लोक में ही नहीं, परलोक में भी हम अपने पूर्वजों से गर्व से कह पाएंगे कि जो आस आपकी थी कि अयोध्या में हमारे रामलला विराजमान हो जाएं, जिसके लिए लाखों हिंदुओं ने अपना बलिदान दिया था, उस संकल्प की पूर्ति हमने कर दी है

इस अवसर पर भाजपा की जिलाध्यक्ष उर्मिजा दीक्षित, एमएसएमई मंत्री राकेश सचान,विधायक गौरी शंकर वर्मा, मूलचंद्र निरंजन, जवाहर सिंह राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, जिला पंचायत अध्यक्ष चित्रकूट अशोक जाटव, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, पूर्व विधायक छोटे सिंह चौहान, नरेंद्र सिंह जादौन, लोकसभा प्रभारी मदन पांडे, संयोजक श्याम सिंह सिसोदिया, आरएलडी अध्यक्ष मनोज बुधौलिया, जिलाध्यक्ष ध्रुव गुप्ता, अनिल निरंजन, सोहेल देव राजभर पार्टी के अध्यक्ष कालूराम प्रजापति, लोकसभा क्लस्टर के प्रभारी संतविलास शिवहरे उपस्थित रहे।

 

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read