HomeUTTAR PRADESHपाकिस्तान भूखों मर रहा, भारत 80 करोड़ लोगों को राशन दे रहा:...

पाकिस्तान भूखों मर रहा, भारत 80 करोड़ लोगों को राशन दे रहा: योगी आदित्यनाथ

मेरठ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान एक साथ ब्रिटिश हुकूमत से आजाद हुए मगर आज पाकिस्तान भूखों मर रहा है और भारत में 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन दिया जा रहा है। पाकिस्तान की आबादी 22 करोड़ है, बंटवारे के समय उनके हिस्से उर्वरा भूमि गई, बावजूद इसके आज पाकिस्तान की जनता भूखों मर रही है। वहीं पाकिस्तान की आबादी से भी अधिक लोग भारत में पिछले 10 साल में गरीबी रेखा से ऊपर आ चुके हैं। सीएम योगी मेरठ के किठौर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार अरुण गोविल के पक्ष में मतदान की अपील की।

मुख्यमंत्री (CM Yogi) ने अपने संबोधन में कहा कि रामनवमी के अगले दिन ही मेरा यहां आना हुआ है। जब अरुण गोविल रामायण सीरियल में भगवान राम का रोल अदा कर रहे थे और उसके माध्यम से कलियुग में भगवान राम के जीवन को चित्रित कर रहे थे, उस समय उन्हें भी नहीं पता कि एक दिन भगवान श्रीराम अपनी जन्मभूमि पर अपना जन्मदिन मनाएंगे। जिस साल मेरठ से अरुण गोविल प्रत्याशी बने, उसी साल 500 वर्षों के इंतजार के बाद श्रीराम अपना जन्मोत्सव मना रहे हैं। आपने देखा होगा कि सूर्यवंशी राम का तिलक सूर्य की किरणों से हुआ। ये देख पूरी दुनिया अभिभूत हुई है। सीएम योगी ने सवाल भी पूछा कि श्रीरामलला के मंदिर के शिलान्यास से लेकर उनकी प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा और भव्य रामनवमी का आयोजन क्या कांग्रेस, सपा, बसपा के लोग कर पाते? उन्होंने बताया कि रामनवमी के दिन 15 लाख लोग अयोध्या पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि हम सब मेरठ आए हैं और अरुण गोविल को लेकर आए हैं।

मुख्यमंत्री (CM Yogi) ने कहा कि 1857 में धन सिंह कोतवाल ने अपनी नौकरी को ठुकराकर व देश के अमर बलिदानियों की श्रेणी में खड़ा होकर स्वतंत्रता का उद्घोष किया था। उनका सपना एक ही था कि ”तेरा वैभव अमर रहे मां हम दिन चार रहें न रहें”। वे अपने और अपने परिवार के लिए न होकर देश की स्वाधीनता और आने वाली पीढ़ि के उज्ज्वल भविष्य के लिए लड़े। ये हमारा सौभाग्य है कि हम सब उस सपने को साकार होता देख रहे हैं। आज मेरठ से दिल्ली 12 लेन हाईवे, रैपिड रेल की सुविधा, स्पोर्ट्स युनिवर्सिटी के साथ ही इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के तमाम कार्य हुए हैं। 2014 से पहले ये सब कल्पना की बात थी। आने वाले समय में हम मेरठ को मेट्रो रेल की भी सुविधा देने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने गरीब कल्याण की तमाम योजनाओं की उपलब्धियां भी गिनाईं।

मुख्यमंत्री (CM Yogi) ने कहा कि देश के सम्मान और सुरक्षा में वृद्धि के कार्य पीएम मोदी के नेतृत्व में हुए हैं। क्या कांग्रेस के लोग कभी कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटा पाते, आतंकवाद समाप्त करा पाते, तीन तलाक की कुप्रथा को समाप्त कर पाते। उन्होंने कहा कि नारी सशक्तिकरण की दिशा में सबसे ज्यादा काम भाजपा और मोदी जी ने किया है। आज प्रदेश कर्फ्यू मुक्त हुआ है, अब धूमधाम से कांवड़ यात्राएं निकाली जा रही हैं। बेटियां और व्यापारी सुरक्षित हुए हैं। आस्था का सम्मान और युवाओं के आजीविका के साधान बढ़े हैं, इसलिए क्योंकि भाजपा की सरकार और मोदी जी प्रधानमंत्री हैं।

इस अवसर पर बीजेपी के क्षेत्रीय अध्यक्ष पश्चिमी उत्तर प्रदेश सत्येन्द्र सिसोदिया, मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार अरुण गोविल, वर्तमान सांसद राजेन्द्र अग्रवाल, राज्यसभा सांसद विजय पाल तोमर, जिलाध्यक्ष मेरठ शिव कुमार राणा, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, जिला प्रभारी मयंक अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन, लोकसभा संयोजक कमलदत्त शर्मा सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

 

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read