CM Rekha Gupta On Delhi Transport Services: दिल्ली सरकार ने राजधानी के लोगों को बेहतरीन व विश्वस्तरीय परिवहन सेवा मुहैया कराने के लिए दिल्ली परिवहन निगम (DTC) का कायापलट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस योजना के तहत जल्द ही स्मार्ट कार्ड जारी होंगे, DTC की बसों के रूट नए तरह से निर्धारित किए जा रहे हैं। साथ ही, दिल्ली के अंतरराज्यीय बस अड्डों को अति आधुनिक बनाने का निर्णय लिया गया है। इसके अलवा बस क्यू शैल्टर (बस स्टैंड) को यात्रियों के लिए सुविधाजनक और हाईटेक बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और सहयोग से दिल्ली को विश्वस्तरीय सार्वजनिक परिवहन सुविधा से सुसज्जित करने का सपना शीघ्र साकार होगा।
जनता को मिली बेहतरीन परिवहन सेवा
दिल्ली की जनता को बेहतरीन परिवहन सेवा मुहैया कराने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज परिवहन विभाग की एक उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह, चीफ सेक्रेटरी श्री धमेंद्र, परिवहन आयुक्त श्रीमती निहारिका राय व अन्य आला अधिकारी मौजूद थे। इस बैठक में सीएम ने स्पष्ट कहा कि पूर्व सरकार की नाकामियों के कारण 60हजार करोड़ के घाटे में चल रही DTC को हर हाल में उबारकर उसे बेहतरीन परिवहन सेवा में बदला जाएगा।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि हमारी सरकार ने पूरी तैयारी कर ली है। इसके लिए छोटी (DEVI) और बड़ी बसों की संख्या तो बढ़ाई ही जा रही है। साथ ही इनके रूट भी इस तरह से बनाए जा रहे हैं, ताकि लोगों की पहुंच उन तक आसानी से हो जाए। उनका कहना है कि हमारी सरकार चाहती है कि दिल्ली में DTC शानदार परिवहन सेवा के रूप में नाम कमाए।
यात्रा के लिए स्मार्ट कार्ड जारी होंगे
उच्चस्तरीय बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि हम दिल्ली की सभी परिवहन सेवाओं जैसे DTC, मेट्रो, आआरटीएस के लिए एक ही स्मार्ट कार्ड जारी करेंगे। इसमें दिल्ली की महिलाओं/ट्रांसजेंडरों के लिए पिंक कार्ड भी शामिल है, जिसके आधार पर वे DTC में फ्री सफर कर सकेंगी। सीएम ने आगे बताया कि इस मसले पर बैंकों से बात चल रही है जो लोगों को कार्ड जारी करेंगे। लोगों तक यह कार्ड आसानी से पहुंचे, इसके लिए फुलप्रूफ व्यवस्था बनाई जा रही है। यह कार्ड दिल्ली वालों को परेशानी से बचाने के लिए बड़ी भूमिका निभाएगा।
यात्रियों के लिए बस क्यू शैल्टर
सीएम रेखा गुप्ता ने यह भी जानकारी दी कि उनकी सरकार दिल्ली के सभी बस क्यू शैल्टरों को यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनाने जा ही रही है। साथ ही, उन्हें हाईटेक भी बनाया जाएगा, ताकि वहां से समय पर बस रूट की जानकारी और उनके आने का समय भी पता चल सके। उन्होंने बताया कि पूरी दिल्ली में 4627बस क्यू शैल्टर हैं। इनमें से 2021कार्यरत हैं। अगर डिजाइन की बात करें तो 1580स्टील के बने हैं और 250पुराने बस शेल्टर हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि परिवहन विभाग ने देश के अलावा कुछ देशों के बस क्यू शैल्टर का भी अध्ययन किया है और दिल्ली के इलाकों के मिजाज से कुछ शेल्टरों का चयन किया है। यह सभी शेल्टर पीपीपी आधार पर बनाए जाएंगे और इस बात का ध्यान रखा जाएगा कि वे सौर ऊर्जा से संचालित हों।









