पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि अमेठी जिले में अज्ञात चोरों ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के एक जवान के घर में घुसकर उसकी लाइसेंसी पिस्तौल, कारतूस, गहने और अन्य कीमती सामान चुरा लिया। चोरी गए सामान की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना अमेठी बाईपास के पास राजेंद्र नगर इलाके में हुई। जवान रामजस यादव, जो दिवाली की छुट्टी पर घर आए हुए थे, उस समय अपने परिवार के साथ गांव में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।
पुलिस ने बताया कि चोर छत पर लगी लोहे की ग्रिल काटकर घर के अंदर घुसे और कीमती सामान चुरा ले गए। गौरीगंज के सर्कल ऑफिसर और अमेठी पुलिस स्टेशन के प्रभारी (कार्यवाहक) अखिलेश वर्मा ने बताया कि शुक्रवार सुबह ‘डायल 112’ पुलिस को चोरी की सूचना मिली, जिसके बाद एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक विशेषज्ञों और स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (SOG) ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और सबूत जुटाए। वर्मा ने कहा कि पुलिस की टीमें इस मामले पर काम कर रही हैं और जल्द ही दोषियों की पहचान कर ली जाएगी।


