Madhya Pradesh Leela Sahu: मध्य प्रदेश के सीधी जिले में सड़क बनवाने के लिए एक साल से संघर्ष कर रही लीला साहू के वायरल वीडियो ने सनसनी फैला दी थी। अब लीला साहू के वीडियो पर भाजपा सांसद राजेश मिश्रा का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि डिलीवरी डेट बता दो, उठवा कर अस्पताल में भर्ती करा देंगे। वहीं, मध्य प्रदेश पीडब्ल्यूडी मंत्री ने कहा कि अगर सोशल मीडिया पर कोई कुछ भी पोस्ट कर देगा तो क्या हम वहां सड़क बना देंगे। हर चीज के नियम होते हैं। ऐसे हो हर कोई वीडियो बनाकर समस्या बताने लगेगा।
दरअसल, मध्य प्रदेश के सीधी जिले की गर्भवती महिला लीला साहू ने एक साल पहले वीडियो बनाकर अपने गांव में सड़क बनावने की मांग की थी। तब उन्हें आश्वासन मिला कि सड़क जल्द बन जाएगी। समय बीतता गया लेकिन, सड़क नहीं बनी तो एक बार फिर लीला एक्टिव हो गईं। एक बार फिर उन्होंने वीडियो बनाकर नेताओं और प्रशासन को अपनी दिक्कत बताई। लेकिन नेताओं की तरफ से अटपटा जवाब मिला।
डिलिवरी डेट बता दो, भर्ती करा देंगे: राजेश मिश्रा
सीधी से भाजपा सांसद राजेश मिश्रा ने जब लीला साहू के वीडियो पर सवाल किया गया तो उनका जवाब था कि चिंता की क्या बात है। हमारे पास एम्बुलेंस है, अस्पताल है, आशा कार्यकर्ता है, हम व्यवस्था करेंगे। डिलिवरी की एक संभावित तिथि होती है। बताएं तो हम एक हफ्ते पहले उठा लेंगे और अस्पताल में भर्ती करवा देंगे। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि वो सड़क नहीं बनाते हैं बल्कि इंजीनियर को बनाते हैं। इस सड़क के लिए जनप्रतिनिधि जिम्मेदार है। कांग्रेस जिम्मेदार है, उनके नेताओं ने इस सड़क के लिए क्या किया है।
हम डंपर लेकर पहुंच जाए: राकेश सिंह
पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने भी लीला साहू के वीडियो पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ऐसे कई स्थान हैं। जहां सड़क की मांग हुई है। उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग के पास इतना बजट नहीं होता कि किसी की सोशल मीडिया पोस्ट पर हम सीमेंट-कंक्रीट या डंपर लेकर सड़क बनाने पहुंच जाए। कौन सी सड़क कौन बनाएगा, इसकी व्यवस्था तय है। विभाग की अपनी सीमाएं हैं। ऐसे तो कितने लोग है उनकी बहुत सारी डिमांड है। सोशल मीडिया पर कोई कुछ भी पोस्ट कर देगा तो क्या हर मांग मान लेंगे।









