HomeUTTAR PRADESHदिल्ली में तेज रफ्तार BMW ने छीन ली वित्त मंत्रालय के सीनियर...

दिल्ली में तेज रफ्तार BMW ने छीन ली वित्त मंत्रालय के सीनियर अधिकारी की जान, पत्नी की हालत गंभीर


Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली के धौला कुआं इलाके में रिंग रोड पर दिल्ली छावनी मेट्रो स्टेशन के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी डिप्टी सेक्रेटरी नवजोत सिंह की एक तेज रफ्तार BMW कार से उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर लगने के कारण मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी संदीप कौर समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। बताया गया है कि यह हादसा 14सितंबर को दोपहर करीब 1बजे हुआ, जब सिंह दंपति गुरुद्वारा बंगला साहिब से लौट रहे थे।


BMW ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मारी


पुलिस के अनुसार, धौला कुआं से दिल्ली कैंट मेट्रो स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क पर मेट्रो पिलर नंबर 67के पास BMW कार ने वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी नवजोत सिंह की मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद BMW कार सड़क पर पलट गई और मोटरसाइकिल डिवाइडर के पास जा गिरी। पुलिस को घटनास्थल पर ट्रैफिक जाम की तीन पीसीआर कॉल्स मिलीं, जिसके बाद दक्षिण-पश्चिम जिले के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस अमित गोयल के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची।


घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि BMW एक महिला चला रही थी। पुलिस जांच में महिला की पहचान गुरुग्राम निवासी गगनप्रीत के रुप में हुई। कार में उसके उसके अलावा उसका पति और दो छोटे बच्चे सवार थे। जिन्हें मामूली चोटों आई। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। साथ ही, नवजोत लिंह और उनकी पत्नी को हादसे के बाद करीब 17-22किलोमीटर दूर जीटीबी नगर के न्यूलाइफ हॉस्पिटल ले जाया गया।


दिल्ली के हरि नगर निवासी थे नवजोत सिंह


पुलिस छानबीन में पता चला कि 52वर्षीय नवजोत सिंह आर्थिक मामलों के विभाग (डिपार्टमेंट ऑफ इकोनॉमिक अफेयर्स), वित्त मंत्रालय में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर तैनात थे। वे उत्तर ब्लॉक में कार्यरत थे और हाल ही में आईआईएम लखनऊ से ट्रेनिंग कोर्स पूरा करने के बाद ऑफिस जॉइन करने वाले थे। वह केंद्रीय सचिवालय सेवा (सीएसएस) कैडर के अधिकारी थे और हरि नगर, पश्चिम दिल्ली में परिवार के साथ रहते थे। जानकारी के अनुसार, वे अपनी पत्नी संदीप कौर के साथ बंगला साहिब गुरुद्वारा दर्शन के बाद कर्नाटक भवन में लंच करने गए थे, जहां से वे घर लौट रहे थे। लेकिन तभी ये भयानक हादसा हो गया।


दूसरी तरफ, नवजोत के बेटे ने हादसे पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा ‘मेरे माता-पिता दोपहर करीब 1बजे धौला कुआं की तरफ थे। BMW X5चला रही एक लड़की ने उन्हें टक्कर मार दी। जिसके बाद उन्हें हादसे वाली जगह से 22किमी दूर हॉस्पिटल ले जाया गया। अगर नजदीकी हॉस्पिटल ले जाते, तो शायद पिता बच जाते। मां अभी भी गंभीर हैं।’


 जांच में जुटी पुलिस


वहीं, दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटनाओं के क्रम और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही हैं। हादसे वाली BMW कार और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया है। डीसीपी अमित गोयल ने बताया ‘कार पहले सेंट्रल वर्ज पर टकराई, फिर पलटी और बाइक से जा भिड़ी। पूरी जांच चल रही है।’ ट्रैफिक कुछ देर के लिए बाधित रहा, लेकिन बाद में सामान्य हो गया।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read