HomeUTTAR PRADESHदिल्ली का मौसम होगा कूल-कूल! भारी बारिश के आसार, इन राज्यों में...

दिल्ली का मौसम होगा कूल-कूल! भारी बारिश के आसार, इन राज्यों में आंधी-तूफान का तांडव


 IMD Weather Forecast:उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने से मौसम ने पूरी तरह करवट ली है। दिल्ली-NCR समेत कई इलाकों में गर्मी से अचानक राहत मिली है, जबकि कुछ राज्यों में तेज आंधी, बारिश और बिजली का कहर जारी है। तो वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में भी बारिश-बर्फबारी की गतिविधियां बढ़ रही हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले तीन-चार दिनों तक कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है।


उत्तर भारत में कैसा है मौसम?


दिल्ली-NCR में पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। IMD ने येलो अलर्ट जारी करते हुए 28 और 29 मार्च को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश, 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं की संभावना जताई है। 29-30 मार्च को गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। इससे गर्मी का प्रकोप कम होगा और वायु गुणवत्ता भी बेहतर रहने की उम्मीद है।


बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश और हरियाणा में आंधी-तूफान का सबसे ज्यादा असर दिख रहा है। कई जिलों में धूल भरी आंधी, तेज हवाएं (30-60 किमी/घंटा), ओलावृष्टि और बिजली गिरने की घटनाएं हुई हैं। IMD के अनुसार, 28 और 29 मार्च को बिहार के ज्यादातर इलाकों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में भी 27 मार्च से ही थंडर स्क्वॉल (तेज आंधी) की चेतावनी जारी है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में 28 से 30 मार्च तक छिटपुट बारिश और आंधी की संभावना है। दूसरी तरफ, पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने वाली हैं। मध्य भारत और दक्षिण भारत में फिलहाल सूखा मौसम रहेगा।


पहाड़ी राज्यों का मौसम


पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम की गतिविधियां तेज हो रही हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है। IMD के मुताबिक 28 से 31 मार्च तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ 40-60 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं। 30 मार्च को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में भारी बारिश/बर्फबारी का अलर्ट है।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in
Santosh Singh is an author and news content contributor at Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact Samachar Live team at samacharlive.in@gmail.com
- Advertisment -spot_img

Must Read