HomeUTTAR PRADESHटेकऑफ के 20 मिनट बाद टूटा संपर्क, रांची से दिल्ली जा रही...

टेकऑफ के 20 मिनट बाद टूटा संपर्क, रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस क्रैश, सभी 7 लोगों की मौत


Jharkhand Air Ambulance Crash: झारखंड के चतरा जिले में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा हुआ, जिसमें रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एंबुलेंस क्रैश हो गई। इस दुर्घटना में विमान में सवार सभी 7लोगों की मौत हो गई। दरअसल, यह विमान रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड का बीचक्राफ्ट C90 (रजिस्ट्रेशन VT-AJV) था, जो मेडिकल इवैक्यूएशन (एयर एंबुलेंस) फ्लाइट के रूप में संचालित हो रहा था। विमान ने दिल्ली पहुंचने के लिए रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से शाम 7:11बजे उड़ान भरी थी।


कहां-कैसे हुआ हादसा?


DGCA की शुरुआती जानकारी के अनुसार, कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क स्थापित करने के बाद विमान ने मौसम खराब होने के कारण रूट में बदलाव (डेविएशन) की रिक्वेस्ट की। लेकिन शाम 7:34बजे लगभग वाराणसी से 100नॉटिकल माइल दक्षिण-पूर्व में इसका संचार और रडार संपर्क टूट गया। बताया जा रहा है कि टेकऑफ के करीब 20-23मिनट बाद ही हादसा हुआ।


क्रैश साइट चतरा जिले के सिमरिया के घने जंगलों में थी। स्थानीय प्रशासन की सर्च एंड रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सभी 7शव बरामद कर लिए गए। मृतकों में कैप्टन विवेक विकास भगत (पायलट), कैप्टन सबराजदीप सिंह ( को-पायलट), संजय कुमार (मरीज), अर्चना देवी (परिजन), धूरू कुमार (परिजन), विकास कुमार गुप्ता (डॉक्टर), सचिन कुमार मिश्रा (पैरामेडिकल स्टाफ) सवार थे।


खराब मौसम बना हादसे का कारण?


चतरा की डिप्टी कमिश्नर कीर्तिश्री जी ने मौत की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने मुख्य रूप से खराब मौसम को हादसे का कारण बताया, लेकिन सटीक वजह एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की जांच से ही पता चलेगी। दिल्ली से जांच टीम और ब्लैक बॉक्स रिकवर करने के लिए विशेषज्ञ पहुंच रहे हैं।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in
Santosh Singh is an author and news content contributor at Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact Samachar Live team at samacharlive.in@gmail.com
- Advertisment -spot_img

Must Read