HomeUTTARAKHANDगंगोत्री मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान चालक से मारपीट का आरोप,...

गंगोत्री मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान चालक से मारपीट का आरोप, उत्तरकाशी पुलिस ने जांच के दिए आदेश

उत्तरकाशी। गंगोत्री मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान एक चालक के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। विश्वनाथ जीप कमांडर-सूमो, मैक्स, टेम्पो ट्रैवलर एवं चालक-मालिक कल्याण समिति ने हर्षिल थाना प्रभारी और पुलिस कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

इसके अलावा समिति की ओर से एसडीएम डुंडा के माध्यम से जिलाधिकारी को भी ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।

समिति के शिकायत पत्र के अनुसार, 19 जुलाई की अपराह्न गंगोत्री जा रहे चालक अरविंद चौहान को हर्षिल क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान रोका गया। आरोप है कि इस दौरान थाना प्रभारी और पुलिस कर्मियों ने चालक के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया। समिति का दावा है कि घटना से आहत चालक ने भागीरथी नदी में छलांग लगा दी। होमगार्ड एवं स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल उत्तरकाशी भेजा गया।

जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. पी.एस. पोखरियाल ने बताया कि चालक की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए दून अस्पताल, देहरादून रेफर कर दिया गया है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब समिति के पदाधिकारी और अन्य चालक घायल का हालचाल जानने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे तो उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया और उन्हें डराया-धमकाया गया। समिति ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

मामले में पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार ने बताया कि चालक-मालिक कल्याण समिति की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि हर्षिल थाना प्रभारी से पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की गई है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मामले की जांच के लिए इंक्वायरी गठित की जाएगी और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read