HomeUTTAR PRADESHदिल्ली में ग्रीन मिशन को बढ़ावा, सरकार और IARI मिलकर सुधारेंगे मिट्टी...

दिल्ली में ग्रीन मिशन को बढ़ावा, सरकार और IARI मिलकर सुधारेंगे मिट्टी की सेहत और बढ़ाएंगे हरियाली: सीएम रेखा गुप्ता


DELHI NEWS: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईसीएआर-आईएआरआई) में आयोजित 122वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। उन्होंने इस अवसर पर देश के वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और कृषि क्षेत्र से जुड़े सभी विशेषज्ञों को नमन करते हुए संस्थान को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान ने देश के अन्नदाताओं को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई है। इस संस्थान ने खेतों को प्रयोगशालाओं से जोड़ते हुए हरित क्रांति से लेकर आधुनिक तकनीकों तक भारत की खेती को नई दिशा दी है और खाद्य सुरक्षा व आत्मनिर्भरता को मजबूत किया है।


कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘खाद्यान्न, पोषण और आजीविका सुरक्षा के लिए उन्नत फसल किस्में’ और ‘प्रिसिशन फ्लोरिकल्चर व लैंडस्केप डिजाइन’ पर आधारित पुस्तकों का विमोचन भी किया। इस अवसर पर दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री रवीन्द्र इन्द्राज सिंह और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के सचिव एवं महानिदेशक डॉ. मांगी लाल जाट समेत कई गणमान्य जन उपस्थित थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संस्थान में लगी प्रदर्शनी का भी दौरा किया। उन्होंने नई कृषि तकनीकों, शोध आधारित नवाचार और आधुनिक खेती के मॉडलों को ध्यान से देखा, वैज्ञानिकों से बातचीत की और उनके काम की सराहना की।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ विजन का आधार ‘विकसित कृषि और समृद्ध किसान’ है। उनके नेतृत्व में खेती को प्रिसिशन फार्मिंग, क्लाइमेट स्मार्ट एग्रीकल्चर और एआई आधारित तकनीकों के जरिए ज्यादा आधुनिक, असरदार और टिकाऊ बनाया जा रहा है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी जरूरत बताते हुए अधिक वृक्षारोपण, वर्टिकल गार्डनिंग, जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन करने पर जोर दिया। उन्होंने नागरिकों, संस्थानों और समुदायों से सक्रिय भागीदारी की अपील की। साथ ही, पीपल, नीम, बरगद और आम जैसे देशी वृक्षों को प्राथमिकता देने की बात कही।


देश के अन्नदाताओं को और अधिक सशक्त बनाया जा सके- सीएम


मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि सरकार ने पहली बार रिज क्षेत्र के लगभग 4200 हेक्टेयर को अधिसूचित कर हरित क्षेत्र बढ़ाने की दिशा में अहम कदम उठाया है और आईएआरआई से मिट्टी की उर्वरता, शहरी हरियाली व वैज्ञानिक पौधरोपण के लिए सहयोग मांगा है। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपयोग की आवश्यकता पर बल देते हुए वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों से जल स्तर सुधार, कृषि विकास और शहरी खेती को बढ़ावा देने में योगदान देने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार किसानों, कृषि अनुसंधान और तकनीकी नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। भविष्य में भी इस दिशा में निरंतर कार्य करती रहेगी ताकि देश के अन्नदाताओं को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।


इस अवसर पर दिल्ली के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री रवीन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि दिल्ली के पारंपरिक जल स्रोत जैसे पहले जिन जोहड़ और तालाबों के रूप में जाने जाते थे और आज ‘वॉटर बॉडीज’ कहलाते हैं उनका संरक्षण और पुनर्जीवन बेहद जरूरी है। इससे दिल्ली के जल स्तर और पानी की गुणवत्ता में सुधार होगा। पिछले कुछ वर्षों में रासायनिक उर्वरकों के अधिक इस्तेमाल से पर्यावरण और स्वास्थ्य पर असर पड़ा है, लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में किसान तेजी से जैविक खेती की ओर बढ़ रहे हैं। दिल्ली के किसान भी ऑर्गेनिक खेती अपना रहे हैं, जो एक अच्छा संकेत है।


इससे किसानों और पर्यावरण दोनों को फायदा होगा


उन्होंने यह भी कहा कि ऑर्गेनिक उत्पादों को सही कीमत मिलनी चाहिए ताकि किसानों को प्रोत्साहन और आर्थिक मजबूती मिल सके। ‘ग्रीन दिल्ली’ के लक्ष्य के तहत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी द्वारा उठाए जा रहे कदमों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इससे किसानों और पर्यावरण दोनों को फायदा होगा। उन्होंने बताया कि शहरीकरण बढ़ने के बावजूद दिल्ली में करीब 50 हजार हेक्टेयर जमीन पर अब भी खेती हो रही है और किसानों का योगदान बेहद अहम है। सरकार लगातार किसानों का समर्थन कर रही है, जिससे वे नई तकनीक और टिकाऊ खेती अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि मिलकर प्रयास करने से दिल्ली को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ बनाया जा सकता है।  

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in
Santosh Singh is an author and news content contributor at Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact Samachar Live team at samacharlive.in@gmail.com
- Advertisment -spot_img

Must Read