HomeUTTAR PRADESHदिल्ली के फ्लाईओवर पर कार में मिले तीन शव, सुसाइड या मर्डर?...

दिल्ली के फ्लाईओवर पर कार में मिले तीन शव, सुसाइड या मर्डर? मृतक के भाई ने किया बड़ा दावा


Delhi Triple Suicide Case: दिल्ली पुलिस पश्चिमी दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास खड़ी एक कार में मिले तीन लोगों के रहस्यमय शवों की जांच में जुटी हुई है। रविवार दोपहर सामने आए इस मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ पुलिस इसे आत्महत्या के एंगल से देख रही है, तो दूसरी तरफ मृतकों के परिजन इसे साजिश के तहत की गई हत्या बता रहे हैं। ऐसे में यह मामला लगातार और उलझता जा रहा है।


कार में मिला था शव


पुलिस के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब 3:50 बजे उन्हें एक कॉल मिली। कॉल करने वाले ने बताया कि फ्लाईओवर की सर्विस लेन के पास खड़ी एक कार में तीन लोग बेहोशी की हालत में बैठे हैं और कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जब कार का दरवाजा खोला गया तो अंदर मौजूद तीनों लोग मृत पाए गए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कार के अंदर से किसी जहरीले पदार्थ की तेज गंध भी आ रही थी।


मृतकों की हुई पहचान


मृतकों की पहचान बापरोला गांव निवासी रणधीर सिंह (76), शिव नरेश सिंह (47) और लक्ष्मी देवी (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि रणधीर सिंह ड्राइवर सीट पर बैठे थे, जबकि शिव नरेश और लक्ष्मी देवी पीछे की सीट पर थे। जिस कार में शव मिले, वह मृतकों में से एक की ही बताई जा रही है।


परिजनों को दी गई जानकारी


घटना की जानकारी मिलते ही क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। टीमों ने कार और आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की। कार के अंदर से कुछ दस्तावेज और अन्य वस्तुएं बरामद की गई हैं, जिनके आधार पर मृतकों की पहचान की पुष्टि हुई। बाद में रणधीर सिंह के परिजनों से संपर्क किया गया और उनके एक रिश्तेदार ने मौके पर पहुंचकर रणधीर और शिव नरेश की पहचान की।


मृतक के भाई ने किया दावा


वहीं, मृतक शिव नरेश के भाई राम नरेश ने पुलिस के सुसाइड वाले दावे को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि शिव नरेश को फोन करके बुलाया गया था और उसका हेलमेट भी कार में ही मिला है। परिजनों का आरोप है कि प्रॉपर्टी के काम से जुड़े विवाद के चलते किसी साजिश के तहत तीनों की हत्या की गई है।


क्या है मौत का कारण?


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में शवों पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे आत्महत्या की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, एक ही कार में तीन लोगों की अचानक मौत कई सवाल खड़े करती है। आखिर मौत जहरीले पदार्थ से हुई या किसी और वजह से, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। 

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in
Santosh Singh is an author and news content contributor at Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact Samachar Live team at samacharlive.in@gmail.com
- Advertisment -spot_img

Must Read