Greater Noida News: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में दहेज के लालची ससुरालवालों ने पेट्रोल डालकर बहू को जिंदा जला दिया। इस दौरान पीड़ित महिला की बहन ने वीडियो बना लिया। इसके बाद उस वीडियो को लेकर मायके वाले कासना थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए केस दर्ज किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, इस घटना के बाद से आरोपी ससुरालवाले फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
साल 2016 में हुई थी शादी
बता दें कि मामला कासना थाना क्षेत्र के सिरसा गांव का है। दादरी के रूपबास की रहने वाली निक्की और उसकी बहन की शादी साल 2016 में सिरसा गांव के रहने वाले विपिन और उसके भाई के साथ हुई थी। दोनों बहनों की शादी एक घर में होने से घरवाले भी काफी खुश थे। हालांकि शादी के कुछ सालों के बाद निक्की और विपिन में लड़ाई-झगड़ा शुरू हो गया। परिवारवालों ने दोनों को समझाया, लेकिन उनका रिश्ता बनने के बजाय बिगड़ता ही चला गया।
बहन ने बनाया वीडियो
परिजनों का आरोप है कि विपिन और उसकी मां बहू निक्की के साथ अक्सर मारपीट करते थे। विपिन शराब पीने का आदी था। अक्सर शराब पीकर घर आता था और निक्की के साथ मारपीट करता था। निक्की मारपीट का विरोध करती तो दोनों मां-बेटे मिलकर उसे मारते थे। 21 अगस्त को विपिन और उसकी सास ने मिलकर निक्की को जिंदा जला दिया। दोनों ने पहले उसके ऊपर पेट्रोल डाला, फिर आग लगाकर जला दिया।
घटना के समय निक्की की बहन भी मौके पर मौजूद थी। बहन ने ससुरालवालों की करतूत का वीडियो बना लिया और अपने घरवालों को भेज दिया। वीडियो देखते ही घरवाले मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने निक्की के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी ससुरालवालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।









