HomeUTTARAKHANDUttrakhand News: सीएम धामी ने पौड़ी, टिहरी और हरिद्वार लोकसभा क्षेत्रों की...

Uttrakhand News: सीएम धामी ने पौड़ी, टिहरी और हरिद्वार लोकसभा क्षेत्रों की ली संगठनात्मक बैठक

Uttrakhand News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय, देहरादून में पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल एवं हरिद्वार लोकसभा क्षेत्रों के सांसदों, विधायकगणों, जिलाध्यक्षों, प्रदेश पदाधिकारियों एवं पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक की।

बैठक में तीनों लोकसभा क्षेत्रों की संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान विधानसभा से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने, कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद तथा जनसंपर्क बढ़ाने को लेकर व्यापक चर्चा हुई।

समर्पित कार्यकर्ता भाजपा की मजबूती-सीएम धामी

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता है। संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी, जनप्रतिनिधियों एवं संगठन पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय और जनता से निरंतर संपर्क अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों से कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संवाद बनाए रखने तथा जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं अभियानों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ऐतिहासिक निर्णयों और विकास कार्यों की जानकारी कार्यकर्ताओं के माध्यम से बूथ स्तर तक जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।

कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना

मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय से ही विकास और जनसेवा के संकल्प को अधिक प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा जा सकता है। कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच सबसे मजबूत सेतु हैं। इसलिए जनता से प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और सरकार की योजनाओं को जनता तक ले जाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

पीएम मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा

उन्होंने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार ने प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और हर वर्ग के हितों को प्राथमिकता देते हुए अनेक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। हमारा संकल्प है कि विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।

बूथ को मजबूत करना लक्ष्य  

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में संगठन को और अधिक सक्रिय करते हुए जनसंपर्क एवं जनसेवा अभियानों को गति दी जाए। प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाना, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाना और जनता के साथ निरंतर संवाद स्थापित करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद अनिल बलूनी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कल्पना सैनी, कैबिनेट मंत्रीगण, विधायकगण, प्रदेश पदाधिकारीगण, जिलाध्यक्षगण सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in
Santosh Singh is an author and news content contributor at Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact Samachar Live team at samacharlive.in@gmail.com
- Advertisment -spot_img

Must Read