HomeUTTAR PRADESHसपा-कांग्रेस का गठबंधन जब हुआ, महामारी का कारण बना : सीएम योगी

सपा-कांग्रेस का गठबंधन जब हुआ, महामारी का कारण बना : सीएम योगी

कौशाम्बी: लोकसभा सीट कौशाम्बी में भाजपा उम्मीदवार विनोद सोनकर के समर्थन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने तीन चरण के चुनाव का रुझान सामने रखकर देश के अंदर एक बार फिर मोदी सरकार का नारा देकर अपने भाषण की शुरुआत की।

मुख्यमंत्री (CM Yogi)  ने 10 वर्ष में पीएम मोदी (PM Modi)  के नेतृत्व में कायाकल्प किए जाने की बात कही। 10 साल पहले के भारत की तस्वीर सामने रखकर उन्होंने कहा कि गरीबी भूख से आम आदमी मरता था। किसान आत्महत्या करते थे। युवक पलायन कर रहे थे। बेटी, व्यापारी, सुरक्षित नहीं थे। जगह-जगह विस्फोट होते थे। देश में पहचान का संकट था, लेकिन अब भारत बदल गया है। देश का सम्मान पूरा विश्व करता है। पीएम मोदी के भारत की तस्वीर सामने रखते हुए पीएम मोदी के नेतृत्व कुशलता को बताते हुए उन्होंने कहा कि अब भारत में कोई पटाखा भी फूटता है, तो पाकिस्तान सफाई देता है कि हम नहीं है। हम किसी को छेड़ते नहीं और कोई छेड़ता है तो छोड़ते नहीं, की बात कह कर देश में विकास कार्यों का परिदृश्य मुख्यमंत्री ने जनसभा में बैठे लोगों के सामने रखा।

लखनऊ में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उस बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि वह फ्री राशन देने की बात करते हैं। जब उनकी सरकार थी, तो गरीब भूख से मर रहे थे। सत्ता थी तो माफिया के करीब थे, उनकी जबान सिली हुई थी, लेकिन अब माफिया मुक्त यूपी हुआ है। साल 2024 के आम चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सपा कांग्रेस का गठबंधन अब वापस सत्ता में नहीं आने वाला। इसके बाद के होने वाले चुनाव में जनता इनका नाम भूल जाएगी। यह चुनाव लड़ने के काबिल ही नहीं रहेंगे।

पिछले दिनों भरवारी में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट का जिक्र कर सीएम योगी (CM Yogi) ने कहा कि सांसद विनोद सोनकर ने उन्हें फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष से घायलों व मृत्यु को आर्थिक सहायता मुहैया कराई।

प्रयागराज व गाजीपुर के माफिया का जिक्र कर उन्होंने जनता का ध्यान अपनी तरफ खींचने की कोशिश की। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि माफिया से अनुसूचित जाति ही नहीं, ब्राह्मण, पिछड़ा वर्ग के लोग भी शिकार हुए। जिसको उन्होंने मिट्टी में मिला दिया। उनके द्वारा कब्जा की गई भूमि को मुक्त कराकर गरीबों में बांटा गया।

कांग्रेस सरकार का जिक्र करते हुए उन्होंने रंगनाथ कमेटी का हवाला देकर पटेल, मौर्य जैसी पिछड़ी जातियों के आरक्षण में 6 फ़ीसदी कटौती कर मुसलमान को आरक्षण देने की बात कही। जिसका भारतीय जनता पार्टी ने विरोध किया। कामयाब न होने पर सच्चर कमेटी बनाकर अनुसूचित जाति का अधिकार हड़पने के लिए मुस्लिम की कुछ जातियों को अनुसूचित का दर्जा देने की कोशिश हुई।

सांसद व प्रत्याशी विनोद सोनकर का जिक्र कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर का नेता बताया। सीएम योगी के मुताबिक, वह त्रिपुरा, गोवा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, उड़ीसा, हिमाचल में जहां भी गए। उन्हें विनोद कुमार सोनकर कार्यकर्ताओं के बीच अनुसूचित जाति का प्रतिनिधित्व करते हुए खड़े मिले। सीएम ने भाजपा प्रत्याशी विनोद सोनकर के उसे वायरल वीडियो का भी जिक्र किया। जिसमें वह जमीन की सौदेबाजी करते हुए टिप्पणी करते दिखाई पड़ रहे। सीएम ने कहा कि लोग वीडियो वायरल कर गुमराह करेंगे, लेकिन आपको किसी के बहकावे में नहीं आना है।

मुख्यमंत्री (CM Yogi) ने सपा कांग्रेस के गठबंधन पर कहा कि जब भी सपा कांग्रेस का गठबंधन हुआ है। महामारी का कारण बना है। यह देश के लिए खतरनाक है। यह पाप का गठबंधन है। सीएम ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लिए बिना शहजादे शब्द का इस्तेमाल कर कहा कि वह गरीबी हटाने की बात करते हैं, लेकिन आप इनसे होशियार रहे। यह आपकी प्रॉपर्टी का एक्स-रे करके औरंगजेब का जज़िया कर लगाएंगे और आपकी प्रॉपर्टी आधा हड़प लेंगे।

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी (CM Yogi)  कौशाम्बी की जनसभा में करीब 44 मिनट बोले। जिसमें उन्होंने देश के विकास का परिदृश्य एवं विपक्षी दलों पर जमकर जुबानी हमला बोला। सीएम की बातों को सुनकर दर्शक दीर्घा से जीत के नारे भी लगाते हुए सुनाई पड़े।

 

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read