HomeUTTAR PRADESHIRCTC की भारत गौरव ट्रेन से ‘डिवाइन ईस्ट टेंपल टूर’, 10 दिन...

IRCTC की भारत गौरव ट्रेन से ‘डिवाइन ईस्ट टेंपल टूर’, 10 दिन में दर्शन और संस्कृति का अनोखा सफर


Bharat Gaurav Deluxe Tourist Train: भारत में तीर्थ यात्रा को जीवन का अहम हिस्सा माना जाता है। माना जाता है कि हर व्यक्ति को जीवन में एक बार धार्मिक स्थलों के दर्शन जरूर करने चाहिए। इससे न सिर्फ आध्यात्मिक शांति मिलती है, बल्कि स्थानीय व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता है। इसी परंपरा को आसान बनाने के लिए भारतीय रेलवे की इकाई IRCTC ने भारत गौरव ट्रेन श्रृंखला के तहत डिवाइन ईस्ट टेंपल टूर पैकेज शुरू किया है।


कहां से शुरू होगी यात्रा?


यह खास तीर्थ यात्रा दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से शुरू होगी और 10 दिनों में देश के प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन कराएगी। यह यात्रा 9 मार्च 2026 को शुरू होकर 18 मार्च 2026 को वापस दिल्ली में ही समाप्त होगी। इस टूर के तहत यात्रियों को वाराणसी, कोलकाता, गंगासागर, पुरी, भुवनेश्वर, कोणार्क, चिल्का और बैद्यनाथ धाम (ज्योतिर्लिंग) ले जाया जाएगा। वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन और गंगा आरती इस यात्रा का खास आकर्षण होंगे। कोलकाता में विक्टोरिया मेमोरियल के साथ-साथ कालीघाट (शक्ति पीठ) और दक्षिणेश्वर काली मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे।


इन मंदिरों के कर सकते हैं दर्शन


इस यात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण गंगासागर है, जहां सागर संगम में पवित्र स्नान और कपिल मुनि मंदिर के दर्शन का अवसर मिलेगा। इसके बाद पुरी में भगवान जगन्नाथ मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। ओडिशा सर्किट के तहत भुवनेश्वर, धौली शांति स्तूप, उदयगिरि-खंडगिरि गुफाएं और कोणार्क का सूर्य मंदिर (यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल) भी यात्रा में शामिल हैं। इस टूर का अंतिम धार्मिक पड़ाव झारखंड स्थित बैद्यनाथ धाम होगा, जो भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है।


मिलेंगी ये सुविधाएं


भारत गौरव डीलक्स टूरिस्ट ट्रेन में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था, अनुभवी टूर मैनेजर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। ट्रेन में 150 यात्रियों की क्षमता है और यह 1AC, 2AC और 3AC श्रेणियों में यात्रा की सुविधा देती है। ट्रेन में दो रेस्टोरेंट कोच हैं, जहां यात्रियों को शुद्ध शाकाहारी भोजन परोसा जाएगा। इस पैकेज की कीमत 1AC के लिए 1,06,940 रुपये, 2AC के लिए 98,925 रुपये और 3AC के लिए 79,285 रुपये प्रति व्यक्ति रखी गई है। पैकेज में ट्रेन यात्रा, एसी होटलों में ठहराव, सभी भोजन, एसी वाहनों से ट्रांसफर और साइटसीइंग, ट्रैवल इंश्योरेंस और IRCTC टूर मैनेजर की सेवाएं शामिल हैं।


यात्री इस टूर की बुकिंग IRCTC के टूरिज्म पोर्टल और अधिकृत IRCTC कार्यालयों से कर सकते हैं। अधिक जानकारी और पूरा यात्रा कार्यक्रम देखने के लिए वेबसाइट irctctourism.com/bharatgaurav पर विजिट कर सकते हैं।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in
Santosh Singh is an author and news content contributor at Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact Samachar Live team at samacharlive.in@gmail.com
- Advertisment -spot_img

Must Read