उत्तर प्रदेश के हापुड़ में गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक तेज रफ्तार थार गाड़ी कंट्रोल खोकर पलट गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि उसमें सवार 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार के कारण थार गाड़ी कंट्रोल खोकर पलट गई। हालांकि, हादसे की सही वजह पुलिस जांच के बाद ही पता चलेगी।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारण और पूरी घटना की जांच कर रही है।


