HomeUTTAR PRADESHभारत की माटी से प्यार करने वाला हर व्यक्ति भाजपा से जुड़ना...

भारत की माटी से प्यार करने वाला हर व्यक्ति भाजपा से जुड़ना चाहता हैः CM योगी

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान 2024 के तहत सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर सीएम योगी ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उनसे इस कार्यक्रम के साथ जुड़कर सबसे अधिक साधारण और सक्रिय सदस्य बनाने के टारगेट को पूरा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रति लोगों के मन में श्रद्धा और सम्मान का भाव है।

उत्तर से लेकर दक्षिण तक, पूरब से लेकर पश्चिम तक, भारत की माटी से प्यार करने वाला हर व्यक्ति भारतीय जनता पार्टी से जुड़ना चाहता है। जब हम लोग उस तक पहुंचते नहीं हैं तो उसको पीड़ा होती है। तब वह उन संकीर्णताओं के दायरे में आता है, जो जाति के नाम पर, क्षेत्र के नाम पर, भाषा के नाम पर भारत के सामाजिक ताने बाने को छिन्न भिन्न करने और भारत की एकता और अखंडता को चुनौती देने के लिए फैलाई जाती हैं। इन स्थितियों में हमें हर उस व्यक्ति तक पहुंचना है जो हमारी प्रतीक्षा कर रहा है। हमारा लक्ष्य एक ही होना चाहिए कि “राम काजु कीन्हें बिनु मोहि कहाँ बिश्राम…”। इससे पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सदस्यता अभियान के तहत टोल फ्री नंबर डायल कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी पार्टी है भाजपा

अपने संबोधन में सीएम योगी (CM Yogi) ने कहा कि हम सब सौभाग्यशाली हैं कि हम दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी के सदस्य के रूप में सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। भारत के अंदर केवल भारतीय जनता पार्टी ही है जो कैडर आधारित पार्टी है। भारतीय जनता पार्टी भारत की माटी से जुड़कर, भारत के महापुरुषों से लेकर भारत की आत्मा का प्रतिनिधित्व करते हुए राजनीतिक क्षेत्र में राष्ट्र सर्वोपरि के भाव के साथ कार्य करने वाली पार्टी है। इसलिए यह पार्टी न केवल वर्तमान में पूरे देश में अपना सर्वव्यापी स्वरूप बनाने में सफल हुई है, बल्कि सर्वस्पर्शी भी बनी है और समाज के हर एक तबके को अपने साथ जोड़ने में पार्टी ने अपनी इस यात्रा में सफलता पाई है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत में भाजपा ही ऐसी पार्टी है जिसके राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने पद को इसलिए छोड़ दिया, क्योंकि तत्कालीन सरकार स्वयं ही देश की संप्रुभता के लिए खतरा बन रही थी। कश्मीर के मुद्दे को लेकर डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान इसका उदाहरण है।

भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए देश सर्वोपरि

देश सर्वोपरि का मंत्र देते हुए सीएम योगी (CM Yogi) ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता कह सकता है कि उसके लिए दल से बढ़कर देश है। उन्होंने कहा कि 1977 में जब लोकतंत्र का गला घोंटने का काम कांग्रेस ने किया था, तब भारतीय जनसंघ का विसर्जन करते हुए जनता पार्टी के रूप में देश के अंदर विपक्षी दलों का जो गठबंधन बना था, उसमें हमारे नेतृत्व ने देश के लोकतंत्र को सर्वोपरि मानते हुए इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाया था।

हर उस व्यक्ति तक पहुंचना है जो हमारी प्रतीक्षा कर रहा

सीएम योगी (CM Yogi) ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि हमें हर उस व्यक्ति तक पहुंचना है जो हमारी प्रतीक्षा कर रहे हैं। जिसे प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है, अगर हम उसके घर जाएंगे,उसके साथ सेल्फी लेंगे और उसी मोबाइल से उसको फिर से सदस्य बनाकर उस सेल्फी को वापस भेजेंगे तो उसको बहुत अच्छा लगेगा। इसी तरह, जिनको आयुष्मान भारत का कार्ड मिला है, प्रदेश के जिन 15 करोड़ लोगों को पिछले 4 वर्ष से फ्री में राशन की सुविधा का लाभ प्राप्त हो रहा है, जिन लोगों के घर में उज्जवला योजना का सिलेंडर जल रहा है, जिन लोगों को विद्युत का कनेक्शन मिल गया है, जिन लोगों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है, जिन साढ़े 6 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी मिली हमें उन सभी को इस अभियान से जोड़ना है। हम सब इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे, ताकि देश की सबसे बड़ी आबादी के इस राज्य में सबसे अधिक साधारण और सक्रिय सदस्य बनाने के इस टारगेट को पूरा किया जा सके।

सबसे बड़े सदस्यता अभियान में उत्तर प्रदेश निभाएगा अग्रणी भूमिका

सीएम योगी (CM Yogi) ने सरकार द्वारा नौजवानों को रोजगार से जोड़ने के अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि अभी हमने 60 हजार 200 पुलिस जवानों की भर्ती की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया है। इस भर्ती प्रक्रिया के तत्काल बाद 40 हजार नई भर्ती लेकर आने वाले हैं। यही नहीं सरकार अगले दो वर्ष में दो लाख सरकारी नौकरी लेकर आ रही है। एक करोड़ निजी क्षेत्र में नौकरी लाने जा रहे हैं, जबकि लगभग साठ लाख नौजवानों और उद्यमियों को नए स्टार्टअप स्थापित करने और उन्हें आंत्रप्रेन्योर बनाने की दिशा में भी सरकार कार्य करने जा रही है।

उन्होंने (CM Yogi) कहा कि लोककल्याणकारी कार्यक्रम हो, सरकारी या निजी क्षेत्र में नौकरी की संभावना हो, सुरक्षा से जुड़े हुए मुद्दे हों या फिर इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास के कार्यक्रमों को घर घर तक पहुंचाने का कार्य हो, अगर आप भी उन लोगों तक भारतीय जनता पार्टी की पहुंच को आसान कर लेंगे तो दुष्प्रचार करने वालों के कारण जो उनके मन में जो संकोच है उसे समाप्त किया जा सकता है। हमें उन्हें अपने साथ जोड़ना है, एक आत्मीयता देनी है और यह सदस्यता अभियान आपके लिए एक सुअवसर होगा। इस कार्यक्रम के साथ जुड़ेंगे तो भारतीय जनता पार्टी न केवल दुनिया के अंदर, बल्कि उत्तर प्रदेश देश के अंदर सबसे बड़े सदस्यता अभियान के साथ अग्रणी भूमिका के साथ फिर से खुद को स्थापित करेगा।

इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश संगठन के महामंत्री धर्मपाल, फॉर्मर डिप्टी सीएम एवं राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा एवं भाजपा के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read