Robert Vadra: रॉबर्ड वाड्रा की मुसीबत थमने का नाम नहीं ले रही है। ईडी ने मंगलवार, 15 अप्रैल को रॉबर्ट वाड्रा को दूसरा समन भेजा था जिसके जवाब में वो ईडी दफ्तर पहुंचे। ये पूरा मामला गुरुग्राम के शिकोहपुर लैंड डील का है। इससे पहले आठ अप्रैल को भी ईडी ने रॉबर्ट वाड्रा को पूछताछ के लिए बुलाया था लेकिन वो नहीं पहुंचे थे लेकिन अब दूसरे समन पर वो सभी सवालों का जवाब देंगे। दरअसल, रॉबर्ट वाड्रा पर आरोप है कि उन्होंने 3.5 करोड़ रुपये में खरीदी और उसे 7.5 करोड़ रुपये में बेचा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसी जमीन को बाद में 58 करोड़ रुपये में डीएलएफ को बेचा गया।
क्या बोले रॉबर्ट वाड्रा?
रॉबर्ट वाड्रा के ईडी दफ्तर जाते समय उनके समर्थक नारेबाजी करते रहे। इस दौरान रॉबर्ट वाड्रा ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘मुझे कुछ छिपाने की जरूरत नहीं है और मुझसे जो भी पूछा जाएगा, मैं उसका ईमानदारी से जवाब दूंगा। मैं जनता की आवाज बुलंद करूंगा।’ इस दौरान बिना नाम लिए रॉबर्ट वाड्रा ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि मेरे खिलाफ एजेंसी का दुरुपयोग किया जा रहा है और 20 सालों में उन्हें कुछ नहीं मिला। वाड्रा ने कहा, ‘अगर इस मामले में कुछ है तो वो इसे सामने लाएं।’




