Air India Plane Crash AAIB Report: 12 जून को अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 के दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे में 241 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों सहित कुल 260 लोगों की जान चली गई थी। वहीं, अब विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने इस हादसे की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट नागरिक उड्डयन मंत्रालय को सौंप दी है। लेकिन केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने स्पष्ट किया है कि यह केवल शुरुआती जांच है और अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता।
नागरिक उड्डयन मंत्री का बयान
नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने AAIB की प्रारंभिक रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा ‘यह एक प्राथमिक रिपोर्ट है और जांच अभी भी जारी है। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) एक स्वायत्त निकाय है, जो अपना काम पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ कर रहा है। अभी कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।’ उन्होंने यह भी कहा कि मंत्रालय जांच में पूर्ण सहयोग कर रहा है और पीड़ितों के परिवारों के साथ खड़ा है।
AAIB की प्रारंभिक रिपोर्ट से हुआ खुलासा
विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने 11 जुलाई को अपनी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट नागरिक उड्डयन मंत्रालय को सौंप दी। इस रिपोर्ट में हादसे के अंतिम क्षणों का समय-समय पर विवरण दिया गया है। जो ब्लैक बॉक्स डेटा और अन्य तकनीकी विश्लेषणों पर आधारित है।
1. इंजन फ्यूल कटऑफ: प्रारंभिक जांच के अनुसार, टेकऑफ के बाद विमान के दोनों इंजनों के फ्यूल कटऑफ स्विच को कुछ सेकंड के लिए CUTOFF मोड में डाल दिया गया था। जिसके कारण इंजनों को ईंधन की आपूर्ति रुक गई। इसके बाद पायलटों ने स्विच को वापस RUN मोड में करने की कोशिश की, लेकिन इंजन 2 अपनी कोर स्पीड को पुनः हासिल नहीं कर सका।
2. रैम एयर टरबाइन (RAT): हादसे के दौरान विमान की ऊंचाई कम होने पर रैम एयर टरबाइन (RAT) तैनात हुई। जो आपातकाल में बिजली प्रदान करती है। हालांकि, यह तब प्रभावी होती जब विमान अधिक ऊंचाई पर हो। लेकिन इस मामले में विमान पहले ही तेजी से नीचे गिर रहा था।
3. MAYDAY कॉल: पायलटों ने हादसे से ठीक पहले 08:09:05UTC पर MAYDAY कॉल जारी की। लेकिन एयर ट्रैफिक कंट्रोल को कोई जवाब नहीं मिला।
4. इंजन की गति: टेकऑफ के दौरान विमान ने 284 किलोमीटर प्रति घंटे की V1 स्पीड और 287 किलोमीटर प्रति घंटे की Vr (रोटेशन) स्पीड हासिल की थी। टेकऑफ के चार सेकंड बाद विमान ने जमीन छोड़ी, लेकिन इसके तुरंत बाद इंजन में समस्याएं शुरू हो गईं।









