HomeUTTAR PRADESHसमाज कल्याण मंत्री ने PWD मंत्री को लिखा पत्र, ट्रैफिक जाम के...

समाज कल्याण मंत्री ने PWD मंत्री को लिखा पत्र, ट्रैफिक जाम के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश


नई दिल्ली: दिल्ली सरकार के समाज कल्याण मंत्री एवं उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के प्रभारी रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने मंगलवार को बेहतर और सुरक्षित यातायात के लिए पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह को बवाना से होकर गुजरने वाली प्रमुख सड़कों के डिमार्केशन और चौड़ीकरण हेतु पत्र लिखकर, इसके त्वरित कार्यान्वयन हेतु निर्देश देने का आग्रह किया। समाज कल्याण मंत्री ने उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के विकास के लिए बवाना से औचंदी बॉर्डर की ओर जाने वाले जीटी करनाल रोड के सीमांकन, चौड़ीकरण एवं डिवाइडर निर्माण, डीएसआईआईडीसी कट से राजीव गांधी स्टेडियम तक फ्लाईओवर निर्माण और मंगोलपुरी चौक से कंझावला तक फ्लाईओवर निर्माण की जरुरत बताई।


समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि बवाना से औचंदी बॉर्डर की ओर जाने वाले जीटी करनाल रोड औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। इस पर उद्योगों से जुड़े भारी वाहन गुजरते हैं। साथ ही रिहायशी कॉलोनियों से औद्योगिक क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में कर्मचारियों व अन्य लोगों का नियमित आवागमन होता है। वर्तमान में यह सड़क कई जगहों पर संकरी और असमान है, जिससे हैवी ट्रैफिक के कारण जाम लगता है, दुर्घटनाएँ होती हैं और आमजन के लिए यातायात बाधित रहता है।


समाज कल्याण मंत्री का PWD मंत्री से अनुरोध


रविन्द्र इन्द्राजने कहा कि जनसुनवाई में लोगों की यह समस्याएं अक्सर आती हैं, उन्होंने पीडब्ल्यूडी मंत्री से अनुरोध किया कि संबंधित क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को सड़क के सीमांकन, चौड़ीकरण एवं डिवाइडर निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के लिए आवश्यक कार्यवाही हेतु दिशानिर्देश दें।


समाज कल्याण मंत्री ने पत्र के जरिये ग्रामीण गौशाला के नजदीक डीएसआईआईडीसी कट से राजीव गांधी स्टेडियम तक फ्लाईओवर निर्माण हेतु भी लिखा। समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि इस हिस्से में बढ़ता ट्रैफिक जाम स्थानीय निवासियों के लिए गंभीर समस्या बन गया है। लगातार जाम से प्रदूषण और सुरक्षा के खतरे बढ़ रहे हैं। उन्होंने पीडब्ल्यूडी मंत्री से इस विषय पर विशेष ध्यान देते हुए फ्लाईओवर निर्माण के निर्देश जारी करने का अनुरोध किया।


रविन्द्र इन्द्राज ने मंगोलपुरी चौक से कंझावला तक लगने वाले ट्रैफिक जाम के कारण स्थानीय निवासियों और दैनिक यातायात में होने वाली समस्या की ओर भी ध्यान आकर्षित करते हुए इसके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश देने का भी पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह से आग्रह किया। उन्होंने मंगोलपुरी चौक (आउटर रिंग रोड) से कंझावला तक फ्लाईओवर निर्माण हेतु आग्रह किया।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read