HomeUTTAR PRADESHवेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़ से हाहाकार, 10 श्रद्धालुओं की मौत, कई...

वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़ से हाहाकार, 10 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल


KashiBugga Venkateswara Swamy Temple Stampede:आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम ज़िले में शनिवार को श्रद्धालुओं की आस्था एक दर्दनाक हादसे में बदल गई, जब काशी बुग्गा वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में अचानक भगदड़ मच गई। भीड़ के दबाव में आकर कई लोग गिर पड़े, जिससे अफरातफरी मच गई। इस दुर्घटना में अब तक कम से कम 10 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि कुछ घायलों की हालत नाज़ुक है, इसलिए मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।


यह दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। दरअसल, इन दिनों देशभर में कार्तिक मास चल रहा है और आज का दिन खास इसलिए था क्योंकि यह कार्तिक मास की एकादशी का पावन पर्व था। इसी वजह से मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर के प्रवेश द्वार के पास अचानक भीड़ बढ़ गई और दबाव के कारण कई लोग गिर पड़े, जिससे अफरातफरी मच गई। गिरने वालों पर भीड़ चढ़ती चली गई, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।


प्रशासन अलर्ट मोड में, जांच के आदेश जारी


हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन तुरंत हरकत में आया और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। जिला प्रशासन ने हालात पर करीबी नजर बनाए रखी है और अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात किया गया है ताकि किसी तरह की अफरातफरी दोबारा न हो। चश्मदीदों के मुताबिक, सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही थी और पर्याप्त सुरक्षा इंतज़ाम न होने के कारण स्थिति बेकाबू हो गई। स्थानीय प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और अब यह पता लगाया जा रहा है कि आखिर भीड़ नियंत्रण में चूक कहां और कैसे हुई।


सीएम चंद्रबाबू नायडू ने जताया गहरा शोक, दिए सख्त निर्देश


आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने श्रीकाकुलम ज़िले के काशीबुग्गा वेंकटेश्वर मंदिर में हुई भगदड़ को बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस हादसे से पूरा राज्य स्तब्ध है। सीएम ने अधिकारियों को घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की बारीकी से निगरानी करने का आदेश दिया है।


केंद्र सरकार भी एक्शन में, नारा लोकेश ने जताया दुख


केंद्रीय मंत्री नारा लोकेश ने भी इस हादसे पर गहरा शोक जताते हुए इसे एकादशी के दिन घटी बड़ी त्रासदी बताया। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह से घायलों की मदद और उनके उपचार में लगी हुई है। नारा लोकेश ने बताया कि उन्होंने घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों, जिला मंत्री अत्चन्नायडू और स्थानीय विधायक गौथु सिरीशा से बातचीत की और पीड़ितों को तुरंत सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read