अम्बेडकरनगर। राजकीय हाईस्कूल जहाँगीरगंज में राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी और भारत के दूसरे क्रम के प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का जन्म दिवस समारोह कई कार्यक्रमों के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। समारोह का शुभारम्भ प्रधानाचार्य सुरेश लाल श्रीवास्तव ने माँ सरस्वती एवं महात्मा गांधी तथा लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्प माला अर्पित करते हुए किया। प्रातः 8 बजे राष्ट्र ध्वज फहराने के बाद स्वच्छता शपथ ली गई। समारोह को सम्बोधित करते हुए प्रधानाचार्य सुरेश लाल श्रीवास्तव ने असहयोग,सविनय व भारत छोड़ो आन्दोलन के प्रणेता राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा जय जवान जय किसान का नारा देने वाले, सरलता व सादगी पूर्ण जीवन व्यक्तित्व वाले लाल बहादुर शास्त्री के जीवन विषय में विस्तार से बताया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्म दिवस को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में मनाये जाने के संदर्भ में भी विस्तार से चर्चा हुई। समारोह को शिक्षक मुकेश कुमार, राम जतन वर्मा, प्रदीप कुमार वर्मा व अर्चिता गुप्ता ने भी संबोधित किया। महान विभूति द्वय तथा अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस पर आधारित क्विज प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता तथा भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में हर्षित, आकाश, कर्णिका, श्वेता, रुचिका, अंश, अभ्यास, नीलमेन्द्र, शिवम आदि का प्रदर्शन श्रेष्ठ रहा। प्रतियोगिता में हर्षित प्रथम स्थान पर रहे, जबकि नीलमेन्द्र व आकाश दूसरे तथा तीसरे स्थान पर रहे।









