HomeUTTAR PRADESHबेंगलुरु के 40 स्कूलों को मिली बम की धमकी, एक्शन में पुलिस...

बेंगलुरु के 40 स्कूलों को मिली बम की धमकी, एक्शन में पुलिस और बम स्क्वायड टीम


Bengaluru Schools Bomb Threats: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक बड़ी खबर सामने आई है। बेंगलुरु के लगभग 40 निजी स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह घटना सुबह के समय सामने आई, जिसके बाद स्कूल प्रशासन, पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। धमकी भरे ईमेल में दावा किया गया कि स्कूल परिसरों में विस्फोटक उपकरण रखे गए हैं। जिससे स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।


बेंगलुरु पुलिस की त्वरित कार्रवाई


धमकी की सूचना मिलते ही बेंगलुरु पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजराजेश्वरी नगर, केंगेरी जैसे क्षेत्रों में स्थित प्रभावित स्कूलों में बम निरोधक दस्ते (बम डिस्पोजल स्क्वॉड) और खोजी कुत्तों की टीमें भेजीं। जिसके बाद स्कूलों को खाली कराया गया और छात्रों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। अभिभावकों को सूचित किया गया, जिसके बाद कई माता-पिता अपने बच्चों को लेने स्कूल पहुंचे। 


बता दें, पुलिस ने स्कूल परिसरों की गहन तलाशी शुरू की, लेकिन प्रारंभिक जांच में किसी भी स्कूल में कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। वहीं, बेंगलुरु पुलिस आयुक्त ने बताया कि इस तरह की धमकियां अतीत में भी फर्जी साबित हुई हैं, लेकिन मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। दूसरी तरफ, साइबर सेल को धमकी भरे ईमेल के स्रोत और प्रेषक की पहचान करने का जिम्मा सौंपा गया है।


अभिभावकों और स्कूल प्रशासन में चिंता


धमकी भरे ईमेल ने स्कूल प्रशासन और अभिभावकों में भय का माहौल पैदा कर दिया। कई स्कूलों ने तुरंत छुट्टी घोषित कर दी और बच्चों को घर भेज दिया। अभिभावकों ने स्कूलों के बाहर भीड़ लगाकर अपने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की कोशिश की। एक अभिभावक ने कहा ‘हमारे लिए बच्चों की सुरक्षा सबसे पहले है। ऐसी धमकियां डरावनी हैं, भले ही वे फर्जी हों।’

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read