HomeUTTAR PRADESHदिल्ली-NCR में अचानक बदला मौसम, सफदरजंग से पालम तक हुई झमाझम बारिश;...

दिल्ली-NCR में अचानक बदला मौसम, सफदरजंग से पालम तक हुई झमाझम बारिश; एयरपोर्ट यात्रियों के लिए IMD का अलर्ट


Delhi News: राजधानी दिल्ली में मंगलवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ले ली और तेज़ बारिश शुरू हो गई। शहर के कई इलाकों में झमाझम बारिश देखने को मिली, जिससे गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली। बारिश के बाद मौसम में ठंडक घुल गई और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली का न्यूनतम तापमान 21डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.3डिग्री सेल्सियस कम है।


IMD ने शहर के तापमान को लेकर दी जानकारी


कुछ समय पहले भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजधानी में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई थी। मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते देखने को मिला, जिसका प्रभाव दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र पर पड़ा है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार सुबह 8:30बजे तक समाप्त हुए पिछले 24घंटों के दौरान, सफदरजंग वेधशाला में 12.6मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि पालम और रिज मौसम केंद्रों पर क्रमशः 11मिमी और 11.7मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं, आईएमडी ने यह भी कहा कि राजधानी में अधिकतम तापमान लगभग 35डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।


दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों को किया अलर्ट


दिल्ली में हो रही भारी बारिश के चलते इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए चेतावनी जारी की है। एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया है कि खराब मौसम के कारण उड़ानों के संचालन पर असर पड़ सकता है। हालांकि, एयरपोर्ट की ग्राउंड टीमें सभी जरूरी एजेंसियों के साथ मिलकर यात्रियों को सुविधाजनक अनुभव देने के लिए लगातार काम कर रही हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे संभावित ट्रैफिक जाम और देरी से बचने के लिए दिल्ली मेट्रो जैसे वैकल्पिक परिवहन विकल्पों का इस्तेमाल करें। साथ ही, सभी से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी उड़ान की ताजा जानकारी के लिए अपनी संबंधित एयरलाइन से संपर्क करते रहें।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read