spot_img
spot_img
HomeUTTAR PRADESHदिल्ली में कड़ाके की ठंड के बीच हुई बारिश, कई इलाकों में...

दिल्ली में कड़ाके की ठंड के बीच हुई बारिश, कई इलाकों में दिखी बूंदा-बांदी

fok-media-samman-samaroh


Delhi Weather: दिल्ली में इन दिनों कड़ाके की ठंड की चपेट में है। शुक्रवार, 9 जनवरी सुबह दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश हुई, जिससे ठंड और ज्यादा बढ़ गई। महामाया फ्लाईओवर, अक्षरधाम, नोएडा समेत दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।


6 डिग्री गिरा तापमान


सुबह के समय तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे लोगों को घरों से बाहर निकलने में मुश्किल हुई। सड़कों पर लोग गर्म कपड़ों में नजर आए और कई जगहों पर अलाव जलाकर ठंड से बचने की कोशिश की गई। बारिश के कारण दफ्तर जाने वाले लोगों और स्कूली बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।


पिछले कई दिनों से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा समेत पूरे उत्तर भारत में भीषण सर्दी का दौर जारी है। गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में इस मौसम का तीसरा सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे बना हुआ है, जिससे पूरे दिन ठंड का असर महसूस किया जा रहा है।


IMD ने दी चेतावनी


मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। विभाग का कहना है कि हल्की बारिश से प्रदूषण के स्तर में कुछ कमी आ सकती है, जिससे हवा की गुणवत्ता में सुधार होने की संभावना है। हालांकि, ठंड से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं।


IMD ने चेतावनी दी है कि उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार में अगले 5 से 7 दिनों तक घना कोहरा छाया रह सकता है। इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत, मध्य भारत, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भी अगले 2 से 3 दिन सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल सकता है। इस दौरान विजिबिलिटी काफी कम रहेगी, इसलिए वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


कई राज्यों में ठंड बढ़ने की आशंका


उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और बिहार में भी कड़ाके की ठंड पड़ने की आशंका जताई गई है। पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में अगले 2 से 3 दिनों तक शीतलहर का असर बना रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान तापमान सामान्य से काफी नीचे जा सकता है।


पहाड़ी राज्यों में बढ़ी शीतलहर


पहाड़ी राज्यों में ठंड का असर और ज्यादा गंभीर है। जम्मू-कश्मीर में डल झील समेत कई जलस्रोतों का पानी जम गया है। हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है। गुरुवार को श्रीनगर सहित कई जगहों पर इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है। हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बर्फीली शीतलहर जैसे हालात बने हुए हैं। राज्य के 13 जिलों में तापमान शून्य से नीचे और चार जिलों में शून्य के करीब दर्ज किया गया है। कुल मिलाकर, उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप फिलहाल जारी है और आने वाले कुछ दिनों तक लोगों को सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद कम है। 

*अन्य बड़ी खबरों के लिए समाचार लाइव के होम पेज पर जाएं
----------------------------------------------------------------
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -free website builder
- Advertisment -free website builder

Latest Post

Most Popular