HomeUTTAR PRADESHदिल्ली पुलिस कर रही एयरपोर्ट-मेट्रो, बस अड्डों पर यात्रियों की चेकिंग, हाई...

दिल्ली पुलिस कर रही एयरपोर्ट-मेट्रो, बस अड्डों पर यात्रियों की चेकिंग, हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां


Delhi Blast: दिल्ली में लाल किले के पास हुए धमाके के बाद राजधानी में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट जारी कर दिया है। घटना के बाद प्रशासन ने सभी संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है। दिल्ली पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने प्रमुख रेलवे स्टेशनों, मेट्रो स्टेशनों और बस अड्डों पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है और निगरानी के लिए सीसीटीवी की मदद से नजर रख रही है। यात्रियों और उनके सामान की कड़ी जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं।


रेलवे स्टेशनों पर बढ़ी सुरक्षा


इस धमाके के बाद राजधानी के प्रमुख रेलवे स्टेशनों नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, आनंद विहार और हजरत निजामुद्दीन पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। वहीं, कश्मीरी गेट, सराय काले खां और आनंद विहार अंतरराज्यीय बस अड्डों पर भी जांच प्रक्रिया सख्त कर दी गई है। यात्रियों की तलाशी और वाहनों की जांच के लिए पुलिस की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। बस टर्मिनलों के प्रवेश और निकास द्वारों पर बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड को सक्रिय कर दिया गया है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि का तुरंत पता लगाया जा सके।


जनता से अपील की गई ये अपील


रेलवे स्टेशन और बस अड्डों के अलावा दिल्ली के मेट्रो स्टेशनों पर भी सुरक्षा एजेंसियां एक्टिव हैं। सुरक्षा एजेंसियां हर छोटे-बड़े सुराग का विश्लेषण कर रही हैं ताकि किसी संभावित खतरे को पहले ही रोका जा सके। अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखने पर तुरंत पुलिस को जानकारी दें।


उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर ने बताया कि नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल, हजरत निजामुद्दीन और सराय रोहिल्ला सहित सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। आरपीएफ और जीआरपी की अतिरिक्त टीमें तैनात की गई हैं। प्लेटफार्म, स्टेशन परिसर और प्रवेश द्वारों पर जांच अभियान लगातार जारी है। यात्रियों के बैग की बारीकी से जांच की जा रही है और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।  

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read