Delhi Airport Fire: 22 जुलाई को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब हॉन्गकॉन्ग से दिल्ली पहुंची एयर इंडिया की फ्लाइट AI 315 के सहायक पावर यूनिट (APU) में लैंडिंग के तुरंत बाद आग लग गई। यह घटना उस समय हुई, जब विमान गेट पर खड़ा था और यात्री उतरना शुरू कर चुके थे। हालांकि, इस हादसे में सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और आग पर तुरंत काबू पा लिया गया। विमान को जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया है।
कहां-कैसे हुई यह घटना?
दरअसल, हॉन्गकॉन्ग से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI 315 आज 22 जुलाई को पहुंची। लेकिन लैंडिंग के बाद गेट पर खड़े होने के दौरान APU में आग लग गई। बता दें, APU एक छोटा इंजन है, जो विमान को जमीन पर बिजली, एयर कंडीशनिंग और मुख्य इंजन शुरू करने के लिए शक्ति प्रदान करता है। आग लगने की सूचना मिलते ही APU स्वचालित रूप से बंद हो गया, जैसा कि इसके सिस्टम डिज़ाइन में होता है। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग को बुझा दिया।
वहीं, एयर इंडिया के बयान में कहा गया ‘विमान को कुछ नुकसान हुआ है। लेकिन सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सामान्य रूप से उतर गए और पूरी तरह सुरक्षित हैं। विमान को आगे की जांच के लिए ग्राउंड किया गया है, और डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) को इसकी सूचना दे दी गई है।’
एयरपोर्ट पर मच अफरातफरी
बता दें, विमान में आग लगने के बाद एयरपोर्ट पर अफरातफरी मच गई थी। आनन-फानन में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंची। लेकिन विमान में आग कैसे लगी इसका पता अब जांच के बाद ही चलेगा।









