HomeUTTAR PRADESHतेंदुए ने छीना मासूम भाई, रक्षाबंधन पर बहन की राखी देख रो...

तेंदुए ने छीना मासूम भाई, रक्षाबंधन पर बहन की राखी देख रो पड़ा गांव; श्मशान में बांधा अपना आखिरी प्यार


Nashik Rakshabandhan Tragedy: रक्षाबंधन के अवसर पर बहन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसकी रक्षा करने का वचन लेती है। लेकिन इस खास मौके पर महाराष्ट्र के नासिक जिले की एक बहन की आंखें नम और परिवार में मातम छा गया। दरअसल, रक्षाबंधन से ठीक एक रात पहले, शुक्रवार को तीन साल के मासूम आयुष भगत पर एक तेंदुए ने हमला कर दिया, जिसके कारण उसकी जान चली गई। इस हादसे के अगले दिन यानी रक्षाबंधन के मौके पर आयुष की 9 साल की बहन ने श्मशान घाट पर अपने मृत भाई की कलाई पर राखी बांधी, जिसे देखकर गांव के लोग भावुक हो उठे।


कहां-कैसे घटी ये घटना?


जानकारी के अनुसार, नासिक जिले के वडनेर दुमाला गांव में शुक्रवार 08 अगस्त रात करीब 8:30 बजे, आयुष भगत अपने घर के पास खेल रहा था। तभी अचानक एक तेंदुआ वहां पहुंचा और उस पर झपट्टा मारकर उसे जंगल की ओर ले गया। कुछ देर बाद जब आयुष कहीं नहीं दिखा तो परिजनों और गांव वालों ने तुरंत खोजबीन शुरू की। जिसके कुछ देर बाद बच्चे का शव घर के पास ही मिला। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया।


अपने मृत भाई को बांधी राखी


रक्षाबंधन की सुबह, जब पूरा देश भाई-बहन के प्यार का जश्न मना रहा था, तो वहीं, भगत परिवार में मातम पसरा था। राखी बांधने की तैयारियों को भूल अब अंतिम संस्कार की तैयारी हो रही थी। आयुष की 9 साल की बहन अपने भाई के शव के सामने बिलख-बिलखकर रही थी। दोनों में इतना प्यार था कि अंतिम संस्कार से ठीक पहले बहन ने आखिरी बार अपने मृत भाई की कलाई पर राखी बांधी। यह दृश्य इतना भावुक था कि वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखों में आंसू आ गए।


इस घटना ने न केवल भगत परिवार, बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रक्षाबंधन, जो खुशियों और उत्सव का दिन होता है, लेकिन अब इस परिवार के लिए जीवनभर के दर्द और यादों का बोझ बन गया। दूसरी तरफ, गांव में तेंदुए के हमले के बाद दहशत का माहौल है। लोग अब अपने बच्चों को अकेले बाहर नहीं छोड़ रहे हैं। वहीं, वन विभाग ने तेंदुए की तलाश शुरू कर दी है और गांव वालों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read