HomeUTTAR PRADESHझारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का निधन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने...

झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का निधन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने व्यक्त किया दुख


Ramdas Soren Death: झारखंड के शिक्षा मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के दिग्गज नेता रामदास सोरेन का 15 अगस्त 2025 की देर रात दिल्ली के अपोलो अस्पताल में निधन हो गया। 62वर्षीय रामदास सोरेन 2 अगस्त को जमशेदपुर में अपने घर के बाथरूम में फिसलकर गिर गए थे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी। इस हादसे ने उनके लाखों समर्थकों को स्तब्ध कर दिया। ब्रेन हेमरेज की स्थिति में उन्हें तत्काल दिल्ली एयरलिफ्ट किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की हरसंभव कोशिश की। 


रामदास सोरेन की हालत गंभीर होने के बाद उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था, लेकिन कुछ दिन पहले डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया। झामुमो के प्रवक्ता कुणाल सारंगी ने बताया कि रामदास सोरेन कोल्हान क्षेत्र के घाटशिला से विधायक थे और झारखंड आंदोलन के एक मजबूत स्तंभ थे। उनकी सादगी और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान ने उन्हें जन-जन का प्रिय बनाया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरे दुख के साथ कहा, “रामदास दा, आपने हमें यूं अकेला छोड़ दिया… अंतिम जोहार।” हाल ही में झामुमो संस्थापक शिबू सोरेन के निधन के बाद यह दूसरा बड़ा झटका है। 


झारखंड ने खोया एक सच्चा सिपाही


रामदास सोरेन का निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि 12दिनों में झारखंड ने दो बड़े नेताओं को खो दिया, जिससे राज्य शोक में डूब गया है। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने भी उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कुणाल सारंगी ने अपोलो अस्पताल के डॉक्टरों का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने दिन-रात प्रयास किया, पर ईश्वर की मर्जी के आगे सभी नतमस्तक हैं। रामदास सोरेन की अंतिम यात्रा के लिए उनके पार्थिव शरीर को जमशेदपुर लाया जाएगा, जहां हजारों लोग अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई देंगे। 

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read