Punjab Crime: पंजाब के जालंधर में बीती रात रामा मंडी थाने के अंतर्गत आने वाले जालंधर के सुच्ची गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पुरानी रंजिश के चलते तीन भाइयों पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया गया। इस हमले में मनदीप सिंह नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो भाई मुकेश कुमार और पवन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए कैपिटल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार यह घटना सुबह करीब साढ़े तीन बजे की है। खाना खाने के बाद मनदीप सिंह टहलने के लिए निकला और अपने भाई पवन की दुकान पर पहुंचा, जहां तीनों भाई और उनके पिता जयराम बैठे बातें कर रहे थे। तभी काले रंग की स्कॉर्पियो कार में अपने दोस्तों के साथ आया प्रिंस नामक युवक उसकी दुकान के पास एक ढाबे पर बैठी महिला से रास्ता पूछने लगा। जब मनदीप दुकान से बाहर आया तो प्रिंस ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर मनदीप पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। बदमाशों ने मनदीप को बचाने आए उसके भाई मुकेश और पवन पर भी हमला कर दिया। तीनों को खून से लथपथ देखकर आरोपी स्कॉर्पियो में सवार होकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित के पिता जयराम के अनुसार अंधेरे के कारण कार की नंबर प्लेट दिखाई नहीं दे रही थी। आसपास के लोगों की मदद से घायल भाइयों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मंदीप को मृत घोषित कर दिया।
जल्द होगी पुलिस वालों की गिरफ्तारी
सूचना मिलते ही एडीसीपी सिटी वन आकृति जैन, डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों, डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर नरेश डोगरा और ज्वाइंट सीपी संदीप शर्मा मौके पर पहुंचे। संयुक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है। पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






