HomeUTTAR PRADESHकांग्रेस के स्थापना दिवस पर खड़गे ने दिया बयान, बोले- कांग्रेस एक...

कांग्रेस के स्थापना दिवस पर खड़गे ने दिया बयान, बोले- कांग्रेस एक विचारधारा है और विचारधाराएं कभी मरती नहीं


Congress Foundation Day: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने रविवार, 28 दिसंबर को अपना 140वां स्थापना दिवस मनाया। इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक विचारधारा है और विचारधाराएं कभी नहीं मरती। इंदिरा भवन मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में खड़गे ने कहा कि आज जब कुछ लोग कहते हैं कि कांग्रेस खत्म हो गई है, मैं उनसे कहना चाहता हूं कि हमारी शक्ति कम हो सकती है, लेकिन हमारी रीढ़ सीधी है। हमने संविधान, धर्मनिरपेक्षता और गरीबों के अधिकारों के साथ कभी समझौता नहीं किया। हम सत्ता में नहीं हो सकते, लेकिन हम कभी भी सौदा नहीं करेंगे।


राहुल गांधी पार्टी को भारत की आत्मा


लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी इस अवसर पर कांग्रेस को केवल राजनीतिक पार्टी नहीं बल्कि भारत की आत्मा की आवाज बताया। उन्होंने  एक्स पर लिखा कि सत्य, साहस और संविधान की रक्षा के लिए लड़ाई और भी मजबूत करने का संकल्प है। आज कांग्रेस के स्थापना दिवस पर सभी कांग्रेसियों को हार्दिक शुभकामनाएं। हम स्वतंत्रता संग्राम, संविधान और लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय और समानता के मूल्यों को याद करते हैं।


कांग्रेस जोड़ती है बीजेपी बांटती है- खड़गे


खड़गे ने ये भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस ने कभी धर्म के नाम पर वोट नहीं मांगे और न ही मंदिर-मस्जिद के नाम पर नफरत फैलाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जोड़ती है, बीजेपी बांटती है। कांग्रेस ने धर्म को केवल आस्था माना, लेकिन कुछ लोगों ने इसे राजनीति में बदल दिया। आज बीजेपी सत्ता में है, लेकिन उनके पास सत्य नहीं है।


अध्यक्ष खड़गे ने 2025 को महात्मा गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने की शताब्दी, संविधान को अपनाए जाने की 75वीं वर्षगांठ और ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ बताया। उन्होंने 2026 में दादाभाई नौरोजी की 200वीं वर्षगांठ और सरोजिनी नायडू के कांग्रेस अध्यक्ष बनने की शताब्दी के साथ ‘झंडा ऊंचा रहे हमारा’ गाने की पहली बार प्रस्तुति की शताब्दी का भी जिक्र किया।


जनता को कांग्रेस स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी


खड़गे ने कहा कि कांग्रेस हमेशा भारत के लोगों के कल्याण, सशक्तिकरण और समावेशी विकास के लिए काम करती रही है। उन्होंने कहा कि हम संविधान द्वारा दिए गए राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक अधिकारों में समान अवसरों पर विश्वास रखते हैं। उन्होंने 140 साल की कांग्रेस की गौरवशाली इतिहास को सत्य, अहिंसा, त्याग, संघर्ष और देशभक्ति की महान गाथा बताया और सभी भारतीयों को कांग्रेस स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। 

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read