जलालपुर,अंबेडकरनगर। स्वास्थ्य सुविधाओं को सुधारने हेतु सरकार जहाँ सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करवाने की व्यवस्था करने का प्रयास कर रही है वहीं स्वास्थ्य कर्मचारी इसी व्यवस्था का विरोध करते नजर आ रहे हैं।
विदित हो कि महानिदेशक परिवार कल्याण विभाग लखनऊ द्वारा संविदा पर तैनात स्वास्थ्य कर्मचारियों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने हेतु आदेश जारी किया गया था। इसी आदेश के विरोध में मांगलवार को जलालपुर परिक्षेत्र में संविदा पर कार्यरत एएनएम द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया था। इस दौरान बड़ी संख्या में एकत्रित हुई संविदा पर तैनात एएनएम द्वारा ऑनलाइन उपस्थित का जोरदार विरोध करते हुए अपनी बात रखी गई। दैनिक भास्कर से बात करते हुए मौके पर उपस्थित एएनएम ने बताया कि सिर्फ बारह हजार रुपए के वेतन में पूरे क्षेत्र का भ्रमण कर टीकाकरण अभियान, जागरूकता अभियान, संचारी रोगों के विरुद्ध अभियान जैसे कई कार्यक्रम हम लोगों के द्वारा आयोजित करवाए जाते हैं। ऐसे में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करवाने के चक्कर में सुदूर ग्रामीण तैनाती क्षेत्र से कार्यालय तक आने जाने में सिर्फ समय और पैसे की ही बर्बादी होगी। विरोध प्रदर्शन के पश्चात एएनएम द्वारा सीएचसी जलालपुर के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ जयप्रकाश के माध्यम से उक्त आदेश वापस लेने हेतु ज्ञापन सौंपा गया। इस विरोध प्रदर्शन में सुनीता, प्रियंका, नीलम यादव, मधुबाला अर्चना,राधिका,पूनम समेत समस्त एएनएम उपस्थित रही।
ऑनलाइन उपस्थिति के विरोध में संविदा स्वास्थ्य कर्मियों ने सौंपा ज्ञापन
RELATED ARTICLES









