HomeUTTAR PRADESHउन्नाव मैच के दौरान मचा हड़कंप... मधुमक्खियों के हमले में अंपायर की...

उन्नाव मैच के दौरान मचा हड़कंप… मधुमक्खियों के हमले में अंपायर की मौत, 15-20 खिलाड़ी हुए घायल


Unnao Bee Attack: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में  कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) के 65 वर्षीय वरिष्ठ अंपायर मणिक गुप्ता की बुधवार को मधुमक्खियों के हमले में मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना सप्रू ग्राउंड में खेले जा रहे एक स्थानीय क्रिकेट मैच के दौरान हुई। अचानक हुए इस हमले में कई खिलाड़ी और अंपायर भी घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, शुक्लागंज (उन्नाव) में केडीएमए लीग के तहत वाईएमसीसी और पैरामाउंट टीम के बीच मैच चल रहा था।


उसी दौरान मधुमक्खियों का झुंड मैदान में आ गया और खिलाड़ियों व अधिकारियों पर हमला कर दिया। मणिक गुप्ता और उनके साथी अंपायर जगदीश शर्मा मैच में अंपायरिंग कर रहे थे। दोनों सफेद कपड़ों में थे, जिस कारण मधुमक्खियां उनके आसपास करीब 10 मिनट तक मंडराती रही और डंक मारती रहीं।


अंपायर की हुई मौत


अचानक हुए हमले से मैदान में अफरा-तफरी मच गई। खिलाड़ी और अधिकारी खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई लोगों को गंभीर डंक लगे, जिसके कारण मैच बीच में ही रोकना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हालात इतने बिगड़ गए कि तुरंत चिकित्सा सहायता बुलानी पड़ी। हमले के बाद अंपायर मणिक गुप्ता को उन्नाव के शुक्लागंज स्थित दो निजी अस्पतालों में ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपुर के Lala Lajpat Rai Hospital (एलएलआर) रेफर किया गया। वहां से भी स्थिति नाजुक होने पर उन्हें Laxmipat Singhania Institute of Cardiology भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


वर्षों से थे पैनल का हिस्सा


मणिक गुप्ता फीलखाना क्षेत्र के निवासी थे और पिछले लगभग 30 वर्षों से केसीए के अंपायर पैनल का हिस्सा थे। उनकी अचानक मौत से क्रिकेट जगत में शोक की लहर है। केसीए के चेयरमैन संजय कपूर ने गहरा दुख जताते हुए कहा कि यह क्रिकेट समुदाय के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने आश्वासन दिया कि संगठन शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा है और हर संभव मदद करेगा।


संघ ने बताया कि मणिक गुप्ता का अंतिम संस्कार गुरुवार को किया जाएगा। इस घटना के बाद स्थानीय क्रिकेट सर्कल में सदमे का माहौल है और मैच स्थलों पर बेहतर सुरक्षा इंतजाम करने की मांग उठ रही है, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्लभ लेकिन खतरनाक घटनाओं से बचा जा सके। 

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read