HomeUTTAR PRADESHउत्तर भारत के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और...

उत्तर भारत के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और शीतलहर से अगले कुछ दिन तक नहीं मिलेगी राहत


North India Weather: देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। कहीं बारिश हो रही है, कहीं घना कोहरा छाया हुआ है, तो कहीं शीतलहर ने जनजीवन को प्रभावित कर रखा है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आने वाले कुछ दिनों में ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। उल्टा तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट दर्ज की जा सकती है।


कई राज्यों में शीतलहर की संभावना


आईएमडी ने अगले सात दिनों के दौरान उत्तर भारत और उससे सटे मध्य भारत में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार, 5 जनवरी को उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी मध्य प्रदेश और बिहार के कुछ इलाकों में ठंड और बढ़ेगी। वहीं 5 से 8 जनवरी के बीच पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में शीतलहर की स्थिति बनने की संभावना है।


कैसा रहा दिल्ली और राजस्थान का मौसम


वहीं, राजस्थान में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। पश्चिमी राजस्थान में 5 से 9 जनवरी तक और पूर्वी राजस्थान में 5 से 10 जनवरी तक शीतलहर चलने का अनुमान है। बीते 24 घंटों में राज्य के कई इलाकों में मौसम शुष्क रहा, लेकिन सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। इससे लोगों को दिन में भी ठंड का एहसास हो रहा है। दिल्ली में रविवार, 4 जनवरी को न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि 6 जनवरी तक राजधानी के कुछ इलाकों में शीतलहर चल सकती है। जब न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.5 डिग्री कम हो जाता है, तब शीतलहर घोषित की जाती है। दिल्ली में ठंडी हवाओं और कोहरे के कारण सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ गई है। 


कश्मीर में शून्य से नीचे दर्ज किया गया तापमान


कश्मीर घाटी में ठंड का प्रकोप और तेज हो गया है। न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। उत्तरी कश्मीर का गुलमर्ग सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है, जहां लगातार दूसरी रात तापमान शून्य से 6.5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। पहलगाम में तापमान शून्य से 5 डिग्री नीचे रहा, जबकि काजीगुंड, कोकेरनाग और कुपवाड़ा में भी पारा शून्य से नीचे दर्ज किया गया। घाटी इस समय ‘चिल्ला-ए-कलां’ के दौर से गुजर रही है, जो 40 दिनों की कड़ाके की ठंड का समय होता है। हालांकि इस बार अब तक मैदानी इलाकों में बर्फबारी नहीं हुई है। झारखंड में भी ठंड और शीतलहर से हालात बिगड़े हुए हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। गुमला और लातेहार में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। साथ ही कई जिलों में घना कोहरा छाने से दृश्यता 50 से 200 मीटर तक सिमट सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है।


दक्षिण भारत में हुई बारिश 


दक्षिण भारत में भी मौसम बदल रहा है। तमिलनाडु और कराईकल में कुछ जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 7 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट हो सकती है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। कुल मिलाकर, देश के ज्यादातर हिस्सों में ठंड, कोहरा और शीतलहर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं और फिलहाल इससे राहत के आसार कम ही नजर आ रहे हैं। 

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read