HomeUTTAR PRADESHअमरनाथ यात्रा के दौरान पांच बस आपस में टकराई, 36 तीर्थयात्री घायल

अमरनाथ यात्रा के दौरान पांच बस आपस में टकराई, 36 तीर्थयात्री घायल


Amarnath Yatra 2025: 05 जुलाई को जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में अमरनाथ यात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा हुआ। जिसमें पांच बसें आपस में टकरा गईं। इस दुर्घटना में 36 तीर्थयात्री घायल हो गए। हादसे के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। साथ ही, यात्रा को सुचारू रूप से जारी रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की।


कहां-कैसे हुआ यह हादसा?


बता दें, यह हादसा जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंदरकोट लंगर स्थल के पास सुबह करीब 8 बजे हुआ। अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब पहलगाम बेस कैंप की ओर जा रहे एक काफिले की आखिरी बस के ब्रेक फेल हो गए। इस बस ने चंदरकोट लंगर स्थल पर रुकी हुई चार अन्य बसों से टक्कर मार दी। रामबन के उपायुक्त (डीसी) मोहम्मद इल्यास खान ने बताया ‘पहलगाम काफिले की आखिरी बस ने नियंत्रण खो दिया और रुकी हुई बसों से टकरा गई, जिससे 36 यात्रियों को मामूली चोटें आईं।


अधिकारियों की मानें तो हादसा उस समय हुआ जब काफिला नाश्ते के लिए रुका था। यह काफिला जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से सुबह 3:30 से 4:05 बजे के बीच रवाना हुआ था, जिसमें 6,979 तीर्थयात्री शामिल थे। इनमें से 4,226 यात्री 161 वाहनों में पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे पहलगाम मार्ग की ओर जा रहे थे, जबकि 2,753 यात्री 151 वाहनों में छोटे लेकिन खड़ी चढ़ाई वाले 14 किलोमीटर के बालटाल मार्ग की ओर बढ़ रहे थे।


हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस, और स्वास्थ्य टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। सभी 36 घायल यात्रियों को रामबन जिला अस्पताल ले जाया गया। रामबन जिला अस्पताल के प्रभारी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. मोहम्मद रफी ने बताया ‘हमें कुल 36 घायल मरीज मिले। सभी का इलाज यहां किया गया। लेकिन किसी को भी रेफर करने की जरूरत नहीं पड़ी। क्योंकि सभी यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं। इसलिए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। हालांकि, तीन से चार यात्री ऐसे थे, जिनकी चोटें गंभीर थीं, जिस वजह से वे यात्रा जारी नहीं रख सके।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read