राजधानी लखनऊ में मंगलवार सुबह एक बोरे में एक अनजान युवक का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिया के नीचे मिला शव तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है। शक है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और फिर बोरे में भरकर यहां फेंक दिया गया।
घटना बंथरा थाना क्षेत्र के अमवा जंगल में हुई। थाना प्रभारी राणा राजेश सिंह के मुताबिक, नारायणपुर-फतेहगंज रोड से करीब 150 मीटर दूर कच्ची सड़क पर पुलिया के नीचे शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरा खोला तो युवक का सड़ा-गला शव मिला। मृतक का चेहरा काले कपड़े से ढका हुआ था और उससे दुर्गंध आ रही थी।
शव की पहचान करने की कोशिश जारी
मरने वाले ने नीले रंग का लोअर और गुलाबी शर्ट पहनी हुई थी। पुलिस ने उसकी पहचान के लिए आस-पास के गांव वालों को बुलाया, लेकिन कुछ नहीं कर पाई। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस मोहम्मद मुस्ताक भी मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में पूछताछ की।



