HomeCRIMEवाराणसी में 22 साल की छात्रा की हत्या, रिश्तेदार पर आरोप

वाराणसी में 22 साल की छात्रा की हत्या, रिश्तेदार पर आरोप

वाराणसी के रोहनिया इलाके में 22 साल की एमएससी छात्रा श्रेया उर्फ मोनू की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छात्रा का खून से लथपथ शव 20 अगस्त को एक किराये के कमरे के बाथरूम से बरामद हुआ। श्रेया 18 अगस्त से लापता थी और उसके परिवार ने राजातालाब थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

परिजनों ने दूर के रिश्तेदार विवेक चौबे पर हत्या का आरोप लगाया है। परिवार के मुताबिक, श्रेया अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी। उसके नाम आगे चलकर करीब सात बीघा जमीन आने वाली थी। आरोप है कि विवेक की नजर इसी जमीन पर थी और वह श्रेया से शादी करना चाहता था। वह शादी के लिए उस पर दबाव बना रहा था और विरोध करने पर धमकी भी देता था।

मिर्जापुर में तय हो चुकी थी शादी

परिजनों के अनुसार, श्रेया की शादी मिर्जापुर में तय हो चुकी थी। 22 नवंबर को उसकी रिंग सेरेमनी और 26 फरवरी को शादी होनी थी। आरोप है कि जब विवेक को श्रेया की शादी तय होने की जानकारी मिली तो वह नाराज हो गया। परिवार का दावा है कि इसी रंजिश और जमीन के लालच में उसने वारदात को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि 18 अगस्त को श्रेया कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि इसी दौरान विवेक ने रास्ते से उसका अपहरण कर लिया और उसे बच्चांव स्थित एक किराये के कमरे में ले गया। वहां धारदार हथियार से गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई।

मिर्जापुर भाग गया आरोपी

हत्या के बाद आरोपी कमरे में ताला लगाकर अपने ननिहाल भुवालपुर, मिर्जापुर भाग गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी वहां अपनी बाइक, बैग और चाबी छोड़कर फरार हो गया। चाबी की मदद से पुलिस ने कमरे का ताला खोला तो बाथरूम में श्रेया का करीब दो दिन पुराना शव मिला।

डीसीपी गोमती जोन नीतू कात्यायन के मुताबिक, मुख्य आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं। फिलहाल मकान मालिक विवेक द्विवेदी और आरोपी के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in
Santosh Singh is an author and news content contributor at Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact Samachar Live team at samacharlive.in@gmail.com
- Advertisment -spot_img

Must Read