HomeUTTARAKHANDमुख्यमंत्री ने 'रन फॉर कारगिल हीरोज' मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना...

मुख्यमंत्री ने 'रन फॉर कारगिल हीरोज' मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शौर्य स्थल, चीड़बाग, गढ़ीकैंट, देहरादून में आयोजित 'रन फॉर कारगिल हीरोज' मैराथन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शौर्य स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्र की रक्षा के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य, पराक्रम और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। वर्ष 1999 में वीर भारतीय सैनिकों ने विपरीत परिस्थितियों में अद्वितीय वीरता का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा की और दुनिया को भारतीय सेना के अदम्य साहस का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि देश अपने वीर जवानों और शहीदों के बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को वीरों की भूमि के नाम से जाना जाता है। राज्य के कई बहादुर सैनिकों ने कारगिल युद्ध सहित विभिन्न सैन्य अभियानों में अपने अद्वितीय साहस और सर्वोच्च बलिदान से देश को गौरवान्वित किया है। राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों तथा उनके आश्रितों के कल्याण के लिए निरन्तर कार्य कर रही है तथा उनके सम्मान एवं हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता से प्रयासरत है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें और देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें।

इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री श्री गणेश जोशी, बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, युवा, मातृशक्ति एवं अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in
Santosh Singh is an author and news content contributor at Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact Samachar Live team at samacharlive.in@gmail.com
- Advertisment -spot_img

Must Read