राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी वेतन संघ पिछले 6 दिनों से अपनी मांगों को लेकर नगर निगम देहरादून में धरना प्रदर्शन कर रहा है. कल संघ के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी नरेश वेद, नगर निगम शाखा अध्यक्ष सुनील कुमार उर्फ सोनू खैरवाल और सचिव धीरज भारती ने राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अशोक वर्मा से मुलाकात की. इस दौरान यूनियन की ओर से रखी गई मांगों पर विस्तार से बातचीत हुई, जिसमें कई बिंदुओं पर सहमति बनी.
वर्मा ने नगर निगम देहरादून के मेयर श्री सौरभ थपलियाल से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने संघ की मांगों के संबंध में विस्तृत चर्चा की और शीघ्र समाधान का अनुरोध किया.
वर्मा खुद धरना स्थल पर पहुंचे और कर्मचारियों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि ''उत्तराखंड सरकार कर्मचारियों की सरकार है'' और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी आप सभी को अपने परिवार का हिस्सा मानते हैं और समय-समय पर कर्मचारियों के हित में निर्णय ले रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी भी आपके साथ हैं और सभी जायज मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिये जायेंगे।
वर्मा ने कहा कि किसी भी समस्या का समाधान विरोध-प्रदर्शन से नहीं बल्कि बातचीत से होता है. उन्होंने सभी से संयम बरतने और शांति बनाए रखने का अनुरोध किया.
इसके बाद वर्मा ने यूनियन पदाधिकारियों से कहा कि वे नगर निगम देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल से उनके कार्यालय में मिलें, कोई अच्छा समाधान अवश्य निकलेगा।


