HomeUTTARAKHANDपेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस का 40 दिवसीय अभियान शुरू, देहरादून में...

पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस का 40 दिवसीय अभियान शुरू, देहरादून में 50 सदस्यीय एक्शन टीम मैदान में

देहरादून: प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस ने राष्ट्रव्यापी जन जागरण अभियान की शुरुआत कर दी है। राहुल गांधी की पहल पर शुरू हुए इस 40 दिवसीय अभियान के तहत उत्तराखंड कांग्रेस भी सक्रिय हो गई है। देहरादून समेत देश के 28 प्रमुख शहरों में अभियान चलाया जाएगा, जिसके लिए उत्तराखंड में 50 सदस्यीय एक्शन टीम गठित की गई है।

40 दिनों तक चलेगा जनसंपर्क अभियान

कांग्रेस के अनुसार अभियान के पहले चरण में 40 दिनों तक छात्रों और युवाओं के बीच व्यापक जनसंपर्क किया जाएगा। 24 जून को देश के 28 शहरों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने प्रेस वार्ता कर अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद 1 अगस्त को ‘राष्ट्रवाद का सत्याग्रह’ और 9 अगस्त को ‘दिल्ली चलो’ संसद घेराव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें कांग्रेस के युवा और छात्र संगठन हिस्सा लेंगे।

देहरादून में नेताओं को मिली जिम्मेदारी

देहरादून में अभियान के संयोजक की जिम्मेदारी पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्र भुल्लर को सौंपी गई है। उनके साथ वैभव वालिया और महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला को समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। अभियान के संचालन के लिए 50 सदस्यीय एक्शन टीम का गठन किया गया है, जिसमें पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों और विभागों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है।

छात्रों और युवाओं से संवाद करेगी टीम

सोमवार को एक्शन टीम के सदस्यों को प्रशिक्षण दिया गया। टीम के सदस्य कोचिंग संस्थानों, कॉलेजों और छात्रावासों में जाकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से संवाद करेंगे। इस दौरान पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं से देश के युवाओं का शिक्षा व्यवस्था पर भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह विफल हो चुकी है। कांग्रेस इस अभियान के माध्यम से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को प्रमुखता से उठाएगी।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read